मोस्टवांटेड काला पर एक लाख का ईनाम
पानीपत. पुलिस महानिदेशक हरियाणा ने नारा गांव निवासी सुशील पुत्र कुलदीप की हत्या के आरोपी नारा गांव निवासी सुरेंद्र काला पुत्र सोरण पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।
जो भी शख्स मोस्टवांटेड सुरेंद्र काला की सूचना पुलिस को देगा, उसको पुलिस एक लाख इनाम देगी। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र काला के इश्तहार भी छपवाए हैं। कुलदीप ने पुलिस प्रशासन से अपने पुत्र की हत्या के आरोपी सुरेंद्र काला की गिरफ्तारी की मांग की है।
ये है मामला
नारा गांव निवासी कुलदीप ने थाना मतलौडा पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 15 अप्रैल, 09 की रात वह और उनका लड़का सुशील पशु बाड़े में सोए थे। करीब 11.30 बजे आठ-दस हथियारबंद लोग पिस्तौल दिखाकर सुशील को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए।
इसके बाद उन्होंने पीट-पीटकर सुशील की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस दस आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मतलौडा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सुरेंद्र काला पर एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा की गई है।










