मेट्रो ने की किराया बढ़ाने की सिफारिश
नई दिल्ली. डीटीसी के बाद अब दिल्ली मेट्रो का किराया भी बढ़ सकता है। शुक्रवार को मेट्रो के प्रबंध निदेशक ई श्रीधरन ने इस बाबत मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से मुलाकात की।
मेट्रो प्रबंधन से जुड़े अधिकारी नए किराए की पूरी सरंचना तैयार कर चुके हैं। हालांकि अभी इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि नई संरचना के तहत कितना किराया बढ़ाया जा सकता है। श्रीधरन ने किराया बढ़ाए जाने संबंधी यह प्रस्ताव स्वयं मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को सौंपा। इस मुद्दे पर मेट्रो का कहना है हमने अपना प्रस्ताव सरकार को दे दिया है। अब यह सरकार पर निर्भर करता है कि वह कब व कितना किराया बढ़ाने की मंजूरी दे।
उधर, सरकार ने आधिकारिक तौर पर इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है। सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि यह केवल एक सिफारिश भर है और किराया बढ़ाने से पहले कैबिनेट की मंजूरी ली जाएगी।










