बच्ची लापता, परिजन बेचैन
रायपुर. होलीक्रास स्कूल बैरनबाजार से बुधवार से गायब छात्रा गिरिजा तिवारी का दो दिनों बाद भी कहीं पता नहीं चला। उसकी पताजासी करने पुलिस आधा दर्जन टीमें अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों के लिए रवाना कर दी गई हैं। हलाकान परिजनों ने आज दोपहर एसपी अमित कुमार से मिलकर गुहार लगाई है। उनको बच्ची के अपहरण का अंदेशा है।
छात्रा गिरिजा 8वीं की छात्रा है। बुधवार को सुबह डब्लूआरएस स्थित घर से स्कूल जाने बहन के साथ निकली थी। बड़ी बहन भी होलीक्रास में 10वीं में पढ़ती है। पढ़ाई करने के बाद घर नहीं लौटी तब घर वालों ने खोजबीन शुरू की। काफी पता लगाने पर भी जब कहीं उसका पता नहीं चला। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। छात्रा के पिता ओमनारायण तिवारी रेलवे डिपो के कर्मचारी हैं।
परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। टीआई बृजेश तिवारी ने बताया कि छात्रा साइकिल और स्कूली बस्ता लेकर गायब है। बस और रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों की पार्किग स्थलों की तलाशी ली जा चुकी है लेकिन साइकिल नहीं मिली। सभी सहेलियों के घर उसका पता लगाया जा चुका है। सप्ताहभर पहले छात्रा परिवार वालों को बिना बताए अपनी एक सहेली के यहां चली गई थी लेकिन बाद में लौट भी आई।
आज इधर, दोपहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ परिजनों ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि पुलिस टीम गठित करके पतासाजी कराई जा रही है। एसपी दफ्तर गए प्रतिनिधि मंडल में विधायक कुलदीप जुनेजा, पार्षद राधेश्याम विभार, कांग्रेस प्रवक्ता शेख शकील, संगठन मंत्री कमलाकांत शुक्ला, महेंद्र यादव, रीता तिवारी समेत कई पदाधिकारी शामिल थे।










