तिरंगा उत्सव की दिल्ली हाट में धूम
नई दिल्ली. दिल्ली हाट में चल रहे तिरंगा उत्सव में आजादी व देशप्रेम से ओतप्रोत भारतीयों का जज्बा देखने को मिल रहा है। इसके माध्यम से जहां एक ओर आम दिल्लीवालों में देशप्रेम का संचार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें तिरंगे के विभिन्न अर्थो व रूपों से भी परिचित कराया जा रहा है।
शुक्रवार को युवा सांसद नवीन जिंदल दिल्ली हॉट पहुंचे। फ्लैग फांउडेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इस चार दिवसीय उत्सव में जिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को फहराना व्यक्ति को धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र आदि के संकीर्ण विचारधाराओं से आगे ले जाता है और उसमें एक भारतीय होने की भावना का संचार करता है। तिरंगा हमारी विविधता में एकता का प्रतीक है और इससे प्रेम करना चाहिए।










