पिंजरे में कैद करने कवायद
दल्लीराजहरा. वनविभाग ने तेंदुआ को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगाया है। वार्ड 12 डेमसाइड के आसपास व वार्ड क्रमांक 10 घोड़ा मंदिर के पास तेंदुआ ने एक बकरा, बकरी को उठा लिया। यह शिकायत वार्ड पार्षद विष्णु निषाद ने वन विभाग के उच्च अधिकारियों से की है। वन विभाग के उपक्षेत्रपाल (रेंजर) बीआर खुंटे ने जल्द ही तेंदुआ के पकड़े जाने की उम्मीद जताई है।
ज्ञात हो कि 31 अक्टूबर की शाम 6 बजे नगर के अंतिम छोर चोरहा पड़ाव के निकट वार्ड क्रमांक 12 में डेमसाइड निवासी राजेश वासनिक के साढ़े तीन वर्षीय पुत्र अमित कुमार वासनिक पर तेंदुआ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दूसरी घटना में ग्राम झींकाटोला में भी तेंदुआ के हमले में एक महिला घायल हो गई थी। गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नगर के कोंडे पावरहाउस क्षेत्र में रेलवे गार्डर पुल, सीआईएसएफ बैरक (फ्रीज घर) लाल मैदान वार्ड क्रमांक 10 के आसपास वार्डवासियों ने तेंदुआ को देखा है।
दल्लीराजहरा वनांचल क्षेत्र होने के कारण चारों तरफ पहाड़ियों से घिरा हुआ है। घनघोर जंगल होने के कारण इन जंगलों में हिंसक पशुओं का डेरा है। ठंड बढ़ने के साथ ही नगर में तेंदुआ का आतंक शुरू हो जाता है। राजहरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जंगलों में जंगली जानवरों का खतरा दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है।










