अभी छाया रहेगा स्मोग
हिसार. जयपुर के सीतापुर में इंडियन ऑयल कंपनी के डिपो में लगी आग का असर हिसार व आसपास के लोगों को अगले एक-दो दिन तक और सहन करना पड़ेगा। शुक्रवार को पूरे दिन और बीती रात 2 बजे तक स्मोग में शहर घिरा रहा।
दक्षिण-पूर्वी हवा के साथ आई सीतापुर की प्रदूषित हवा के कारण यहां के वातावरण में गुरुवार से (स्मोग)धूम धुंध छाई हुई है। शुक्रवार को तो इसकी सघनता और भी बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिसार में धूम धुंध (स्मोग) की स्थिति दो दिन तक बनी रहेगी।
पहले दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कमजोर पड़ने और उत्तर-पश्चिमी हवा के मजबूत होने के चलते इसका असर कम होने की संभावना जताई गई थी। मगर, शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी हवा ने जोर नहीं पकड़ा और दक्षिण-पूर्वी हवा ही वातावरण पर हावी रही।
हकृवि में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार दो दिन के बाद उत्तर-पश्चिमी हवा का जोर बढ़ेगा और ठंड भी बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिमी हवा वातावरण में फैली धूम धुंध को अपने साथ ले जाएगी। कुछ दिनों में धूम धुंध इधर-उधर के इलाकों में फैलकर खत्म हो जाएगी।










