दोस्तों ने पुनीत का किया अपहरण
ग्वालियर. पड़ाव थाना क्षेत्र से गायब हुए एक युवक का कुछ लोगों ने फिरौती के लिए अपहरण कर लिया। यह युवक घर से अपने दोस्तों के साथ इंदौर जाने की कहकर गया था। शुक्रवार को इसके घर आए फोन पर फिरौती की मांग की गई है। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल पड़ाव थाना प्रभारी को दी।
थाना प्रभारी पड़ाव पीएस तोमर के अनुसार आरपी कालोनी में रहने वाले डा.व्हीके गांधी का पुत्र पुनीत गांधी (30) 2 नवंबर को दोस्तों के साथ घर से इंदौर गया था। उसके साथ घर आए दोस्तों ने पहले पुनीत के साथ खाना खाया और फिर उसके साथ इंदौर की कहकर घर से निकल गए।
थाना प्रभारी के मुताबिक शुक्रवार शाम 6 बजे पुनीत के घर फोन आया। जिसे उसकी मां निर्मला ने रिसीव किया। फोन करने वाले ने कहा कि पुनीत ने नौकरी लगाने के नाम पर 50 हजार रुपए लिए थे, अब वह उक्त राशि नहीं दे रहा है।
इसकी वापसी के लिए 75 हजार रुपए हाटा,(दबोह) भिजवा दें ,इसके बाद फोन काट दिया गया। परिजनों की सूचना पर सीएसपी राजेश मिश्रा व थाना प्रभारी पीएस तोमर ने युवक के घर पहुंचे और परिजनों से युवक के दोस्तों के बारे में जानकारी हासिल की। पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।
जमीन को लेकर विवाद
जयेन्द्रगंज स्थित मराठा बोर्डिंग की जमीन के एक हिस्से को लेकर दो पक्ष आमने- सामने आ गए। मौके पर पहुंची इंदरगंज पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया। दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
हजीरा पर रहने वाले यदुनाथ सिंह तोमर शुक्रवार सुबह मराठा बोर्डिंग पहुंचे और एक हिस्से पर अपने नाम का बोर्ड लगाने लगे। सूचना मिलते ही बोर्डिंग पदाधिकारी व समाज के लोग मौके पर आ गए। इनका कहना था कि जमीन ट्रस्ट की है इसे बेचा नहीं जा सकता।
श्री तोमर का कहना था कि मेरे पास जमीन के इस हिस्से की रजिस्ट्री है जिसे उन्होंने पुलिस को भी दिखाया। यह रजिस्ट्री बोर्डिंग को संचालित करने वाले ट्रस्ट के एक पूर्व पदाधिकारी ने की है। दोनों पक्षों से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।










