दिल्ली में स्कूल वैन पलटी, 8 छात्र घायल
नई दिल्ली। दिल्ली के कश्मीरी गेट क्षेत्र में शनिवार सुबह दिल्ली पब्लिक स्कूल की एक वैन पलटने से आठ छात्र घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक मथुरा रोड स्थित डीपीएस के 12 छात्रों को लेकर आ रही एक वैन को आईएसबीटी के निकट एक मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे वैन पलट गई। इस हादसे में आठ छात्र घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मिनीट्रक टाटा 407 तेज गति से आ रहा था। हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक फरार हो गया।
घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।










