भाजपा कार्यसमिति की बैठक शुरू
भोपाल. भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो-दिवसीय बैठक शनिवार को बालाघाट में शुरू हुई। बैठक का उद्घाटन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद कैलाश जोशी ने किया। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूसरी बार सरकार बनी, इसका श्रेय श्री चौहान को ही जाता है। प्रदेश में पार्टी को राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे और प्यारेलाल खंडेलवाल ने सींचा है और अब नई पीढ़ी इसे आगे बढ़ा रही है।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि यह उनकी आखिरी कार्य समिति की बैठक है। इस दौरान कई मीठे और कड़वे अनुभव मिले हैं। अब हमारा लक्ष्य नगरीय निकाय के चुनाव पर कब्जा करना है। उन्होंने कहा कि भू-माफिया पर शिकंजा कसने से सरकार की छवि बनी है। गौरतलब है कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और प्रदेश प्रभारी अनंत कुमार नहीं पहुंचे हैं।इस बीच बैठक का विरोध कर रहे कुछ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।










