बसने के लिए दुनिया में सर्वोत्तम जगह है नॉर्वे
संयुक्त राष्ट्र ने दुनिया में बसने या रहने के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ स्थानों की सूची जारी की है, जिसमें नॉर्वे नंबर वन है। इस सूची के अनुसार स्विट्जरलैंड नौवें तो ब्रिटेन 21वें स्थान पर है।
दुनिया में अगर कहीं बसना है तो सवरेत्तम जगह कौन सी है? संयुक्त राष्ट्र ने इस सवाल का जवाब दिया है। उसके अनुसार नॉर्वे ऐसा देश है, जहां हर इंसान रहना चाहेगा, जबकि युद्ध और एड्स से ग्रस्त उप-सहारा अफ्रीकी देश ऐसी जगहें हैं जहां कोई भी रहना पसंद नहीं करेगा। वैश्विक आर्थिक मंदी से पहले इकट्ठे किए गए आंकड़ों के मुताबिक नॉर्वे के बाद ऑस्ट्रेलिया और आइसलैंड बसने के लिहाज से सवरेत्तम और नाइजर, अफगानिस्तान तथा सियरा लियोन मानव विकास के मामले में सबसे बुरी जगहें हैं।
यूनाइटेड नेशंस डिवैलपमैंट प्रोग्राम (यूएनडीपी) का यह सूचकांक को विकसित और विकासशील देशों के प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), शिक्षा और जीवन प्रत्याशा पर आधारित 2007 के आंकड़ों पर आधारित है। यूएनडीपी के अनुसार हाल के दशकों में आर्थिक मंदी, विवादों भरे संकटों और एचआईवी-एड्स महामारी के कारण कई देशों के विकास को गहरा धक्का लगा है। इस सूचकांक के मुताबिक नाइजर में जीवन प्रत्याशा (व्यक्ति की औसत आयु) 50 साल है, जो नॉर्वे से करीब 30 साल कम है। नाइजर में प्रति व्यक्ति आय जहां सिर्फ चार डॉलर है, वहीं नॉर्वे में यह 85 डॉलर है।
सबसे गरीब 24 देशों की आधी आबादी अशिक्षित है। जापान के लोग अन्य के मुकाबले सबसे ज्यादा जीते हैं। इनकी औसत उम्र 82.7 साल है। युद्ध ग्रस्त अफगानिस्तान मे लोगों की औसतन उम्र सिर्फ 43.6 साल है। सूचकांक के मुताबिक लिचेंसटीन का प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद 85,383 डॉलर है। इस छोटे से देश की आबादी सिर्फ 35,000 है और यहां पर 15 बैंक तथा सौ से ज्यादा धन प्रबंधन कंपनियां हैं। उधर कांगो के लोग सबसे ज्यादा गरीब हैं। यहां प्रति व्यक्ति आय 298 डॉलर सालाना है।
चीन, वेनेजुएला, पेरू, कोलंबिया और फ्रांस ने अपने लोगों की बेहतर आय, शिक्षा और लंबी जीवन प्रत्याशा के चलते पिछले साल की सूची के मुकाबले तीन से ज्यादा स्थानों की छलांग लगाई है। यूएनडीपी यह सूचकांक 1990 से हर साल प्रकाशित करता चला आ रहा है। सूचकांक के मुताबिक 1980 के बाद से मानव विकास में वैश्विक तौर पर 15 फीसदी का इजाफा हुआ है। इस क्रम में चीन, ईरान और नेपाल सबसे आगे हैं। टॉप 21 देश
1. नॉर्वे, 2. ऑस्ट्रेलिया, 3. आइसलैंड, 4.कैनेडा, 5.आयरलैंड, 6.नीदरलैंड्स, 7.स्वीडन, 8.फ्रांस, 9.स्विट्जरलैंड, 10.जापान, 11.लग्जमबर्ग, 12.फिनलैंड, 13.अमरीका, 14.ऑस्ट्रिया, 15.स्पेन, 16.डेनमार्क, 17.बेल्जियम, 18.इटली, 19.लिचेंसटीन, 20. न्यूजीलैंड, 21.ब्रिटेन।
-संयोजन: जुगल किशोर










