सिमी कार्यकर्ता 14 दिनों की रिमांड पर
अहमदाबाद. अहमदाबाद के श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट प्रकरण में मध्य प्रदेश से गिरफ्तार दो आरोपियों को स्थानीय मेट्रोपॉलिटन कोर्ट ने शुक्रवार को 14 दिनों तक पुलिस हिरासत में सौंपने के आदेश दिए। मध्य प्रदेश से लाए गए आरोपी मोहम्मद शफीक अंसारी व मोहम्मद यूनुस को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। इसके साथ ही बम विस्फोट के मामले में अब तक कुल 64 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि 32 अभी भी फरार बताए जाते हैं।
शफीक व यूनुस पूछताछ में अहमदाबाद बम विस्फोट में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को मजिस्ट्रेट जीएम पटेल के समक्ष पेश कर रिमांड की मांग की। बम विस्फोट केस के विशेष सरकारी वकील सुधीर ब्रह्मभट्ट ने कोर्ट को बताया कि इस केस में फरार अब्दुल सुभान,मुजीव व अफ्रीदी समेत आरोपियों की गिरफ्तारी जरूरी है।










