ब्वॉय फ्रेंड को लेकर भिड़ी सुंदरियां
लंदन. मिस इंग्लैंड 2009 रशेल क्रिस्टी का ताज अब खतरे में पड़ गया है। उन पर एक अन्य ब्यूटी क्वीन से हाथापाई करने का आरोप लगा है। इस कारण अब उन्हें मिस इंग्लैंड का ताज लौटाना पड़ सकता है। साथ ही मशहूर ओलिंपियन लिनफोर्ड क्रिस्टी की भतीजी एथलीट और मॉडल रशेल अब मिस वर्ल्ड बनने की दौड़ से भी बाहर हो चुकी हैं।
उन पर मैनचेस्टर के नाइट क्लब में सारा बेवर्ली जॉन्स के चेहरे पर घूसे मारने का आरोप है। पूर्व मिस मैनचेस्टेर सारा से उनकी लड़ाई दरअसल व्बॉय फ्रेंड को लेकर हुई। टेलीविजन स्टार ग्लेडिएटर टॉर्नेडो यानी डेविड मैकलैंटोस रशेल के ब्वॉय फ्रेंड हैं। इससे पहले डेविड सारा के व्बॉय फ्रेंड भी रह चुके हैं।
नाइट क्लब में पार्टी के दौरान सारा ने रशेल को अपने मोबाइल फोन पर एक मैसेज दिखाया और कहा कि यह डेविड ने भेजा है। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि रशेल ने सारा के चहरे पर कई बार प्रहार किया। इस दौरान डेविड भी पार्टी में शामिल थे।
रशेल के प्रवक्ता ने बताया कि इन आरोपों को कारण अब वे मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकती। हालांकि वे अपनी ओलिंपिक ट्रेनिंग पर ध्यान दे रही हैं। उन्हें आशा है कि वे 2012 में दौड़ में गोल्ड मैडल जरूर जीतेंगी। रशेल पहली अश्वेत महिला हैं जिन्हें मिस इंग्लैंड का ताज मिला है।










