नोएडा मेट्रो रेल सेवा 12 नवम्बर से शुरु होगी
नई दिल्ली। दिल्ली से नोएडा जाने वालों को अब सडकों पर जाम से गुजरना नहीं पडेगा। नोएडा तक मेट्रो रेल की चिरप्रतीक्षित सेवा 12 नवम्बर से शुरु हो रही है।
दिल्ली मेट्रो रेल कापरेरेशन के प्रवक्ता अनुज दयाल ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि यमुना बैंक से नोएडा तक मेट्रो रेल चलाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इस खंड पर 12 नवम्बर से मेट्रो रेल चलने लगेगी।
दयाल ने बताया कि फ्लैग आफ से पहले इस खंड का निरीक्षण 10 और 11 नवम्बर को मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त करेंगे। आयुक्त की मंजूरी मिल जाने के बाद 12 नवम्बर को उद्घाटन समारोह होगा।
उन्होंने बताया कि यमुना बैक से नोएडा तक के 13.1 किलोमीटर लंबे इस खंड को आम जनता के लिए 13 नवम्बर को सुबह छह बजे से खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रगति मैदान में 14 नवम्बर से अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला शुरु होने से पहले इस खंड पर रेल सेवा शुरु करने के लिए सभी प्रयास किए गए। यमुना बैंक से मेट्रो रेल नोएडा के सेक्टर 32 तक जाएगी।










