एंटी रैगिंग पर राष्ट्रीय संगोष्ठि
राजस्थान यूनिवर्सिटी के सीनेट हॉल में विधिक सेवा प्राधिकरण व यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज की ओर से शनिवार को एंटी रैगिंग एक्ट को लेकर राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू हुई। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश तरूण चटर्जी ने कहा कि राजस्थान सरकार को एंटी रैगिंग एक्ट जल्दी से जल्दी पास करना चाहिए। यह आज की देश व्यापी समस्या बन गई है। इसके लिए उन्होंने न्याय, शिक्षा, राजनीति से जुड़े सभी लोगों को आगे आने का आह्वान किया। राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जगदीश भल्ला ने कहा कि रैगिंग के खिलाफ सख्त कानून बनना चाहिए, जिससे रैगिंग लेने वाले लोगों में भय उत्पन्न हों। उन्होंने छात्रों से रैगिंग की जगह इंटरोडक्शन की ओर लौटने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि कुलपति फुरकान कमर, न्यायाधीश दिलीपसिंह, करणीसिंह राठौड़ थे।










