नकली घी की फैक्ट्री पकड़ी
बाइस गोदाम स्थित करतारपुलिया के पास दीप वाटिका में पुलिस ने शनिवार शाम को एक नकली घी की फैक्ट्री पकड़ी है। फैक्ट्री संचालक केदार नाथ विजय मौके से फरार हो गया जबकि एक अन्य आरोपी मान प्रकाश गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोडाला उप अधीक्षक रघुवीर सैनी ने बताया कि आरोपी काफी लंबे समय से फैक्ट्री चला रहा था। फैक्ट्री में पारस तथा महिमा ब्रांड से नकली घी तैयार कर जयपुर शहर तथा आसापास के इलाके में सप्लाई किया जाता था। केदार नाथ पूर्व में भी नकली घी बनाने के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। फैक्ट्री के पीछे के हिस्से में घी की पैंकिंग का काम किया जाता था। मौके पर पुलिस को पारस तथा महिमा ब्रांड के खाली रैँपर तथा काफी मात्रा में तैयार माल मिला है।










