कबूतरबाजी की शिकार हुई मां ने गंवाया बेटा
ऊना. अंब की प्रकाशो देवी ने अपने बेटे को अच्छी नौकरी दिलाने के लिए लाखों खर्च कर दिए। कबूतरबाजी का शिकार हुई प्रकाशो देवी ने पैसे तो गंवाए ही, लेकिन बेटा भी गंवा दिया। जिस एजेंट के माध्यम से वह बेटे को विदेश भेजना चाहती थी, वह अब फरार है।
प्रकाशो देवी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी जिसमें उसने एजेंट आशुतोष लट्ठ पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने की शिकायत दर्ज करवाई थी। याचिका में कहा गया है कि लट्ठ ने उसके बेटे अजय कुमार को चेन्नई में ट्रेनिंग के लिए 1.30 लाख लिए और विदेश भेजने के लिए 1.70 रुपए की मांग रखी।
प्रकाशो देवी बताया कि 6 जनवरी को एजेंट ने उसे बताया कि अजय को विदेश भेज दिया गया है, लेकिन इसके बाद प्रकाशो की बेटे से कोई बात नहीं हुई। प्रकाशो देवी ने जब एजेंट से संपर्क किया तो उसने बताया कि जिस जहाज से आपके बेटे को भेजा था वह जहाज क्रैश हो गया। इसमें अजय की मौत हो गई है।
हाईकोर्ट ने प्रकाशो देवी की शिकायत पर अंब पुलिस को आशुतोष लट्ठ के खिलाफ धारा 346, 365, 420, 488 और 471 के तहत केस दर्ज करने के आदेश पारित किए हैं। एसपी संतोष पटियाल ने बताया कि आशुतोष लट्ठ के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार करने के लिए जल्द ही पुलिस की टीम रवाना कर दी जाएगी।










