लाइफ लाइन पर फिर संकट!
हनुमानगढ़. खारा राजस्थान की जीवनदायनी (इंदिरा गांधी नहर परियोजना) पर एक बार फिर संकट आने की आशंका है। पंजाब के सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मुक्तसर (पंजाब) के नजदीक राजस्थान फीडर की आरडी 312 व 313 के बीच डायवर्सन का निर्माण शुरू किया है।
निर्माण के बाद राजस्थान फीडर से सरहिंद फीडर में पानी डाला जाएगा। सरहिंद फीडर में पानी डालने का नियंत्रण पंजाब के हाथ में रहेगा। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। हरिके बैराज से राजस्थान फीडर को मिलने वाले पानी में से सरहिंद फीडर को पानी दिया जाएगा। इससे इंदिरा गांधी नहर पर फिर संकट आने की आशंका है। पूर्व में हरिके बैराज से इंदिरा गांधी नहर को मिलने वाला पूरा पानी राजस्थान पहुंचता था।
अब पंजाब के अधिकारी अपनी मर्जी से डायवर्सन से पानी कम-ज्यादा कर सकेंगे। सरहिंद फीडर के लिए अधिक पानी निकालने से इंदिरा गांधी नहर परियोजना को पर्याप्त पानी नहीं मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि आईजीएनपी के प्रथम चरण में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसान पहले से आंदोलित हैं।
बगैर सूचना शुरू किया निर्माण: पंजाब के अधिकारियों ने मनमानी करते हुए राजस्थान सरकार व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना दिए बगैर ही डायवर्सन का निर्माण शुरू कर दिया। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को डायवर्सन का निर्माण कार्य शुरू किया गया। इस कारण इंदिरा गांधी नहर में हरिके से दो हजार क्यूसेक के करीब पानी भी कम कर दिया गया। पानी कम करने की सूचना मिलते ही जल संसाधन जोन (उत्तर) हनुमानगढ़ के चीफ इंजीनियर बिरदीचंद, एक्सईएन व एईएन मौके पर पहुंचे। पंजाब पहुंचने पर ही अधिकारियों को सही स्थिति की जानकारी मिल पाई।
सरहिंद फीडर की पटरी धंसी: सरहिंद फीडर की पटरी गुरुवार को आरडी 312-313 के पास धंस गई। इससे फीडर में क्रॉस बंधा लगाकर जलापूर्ति बंद कर दी गई है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार राजस्थान फीडर में डायवर्सन का निर्माण होने के बाद सरहिंद फीडर में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।










