गुरबाणी के मधुर स्वरों से गूंजी सेंट्रल जेल
लुधियाना. कैदियों को आत्मिक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए महानगर की सैंट्रल जेल में गुरबानी कीर्तन का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह गाबड़िया व जिलाधीश विकास गर्ग के दिशा निर्देशों के तहत करवाए गए इस आयोजन में 600 कैदियों ने गुरु यश श्रवण किया। भाई हरजिंदर सिंह श्रीनगर वालों ने गुरुबानी के मधुर कीर्तन के साथ गुरु महिमा से उपस्थित कैदियों को अवगत करवाया।
गुरु साहिब की कुर्बानियों व समाज व धर्म के लिए किए महान कार्यो को कैदियों को याद करवाया गया। जेल सुपरिंटेंडेंट कुलदीप सिंह व सहायक जेल सुपरिंटेंडेंट एसपी खन्ना की देखरेख में आयोजित समारोह में एसडीएम ईस्ट मनप्रीत छतवाल मुख्य मेहमान के रूप में उपस्थित रहे। एसपी खन्ना ने बताया कि प्रतिमाह जेल प्रंबधन की ओर से धार्मिक समागम का आयोजन किया जाएगा, ताकि सजा काट रहे इन कैदियों का धर्म से जुड़ाव करवाया जाए व यह लोग बाहर जाकर समाज के उत्थान में सहयोग कर सकें।










