मगरमच्छ ने गांव में फैलाई दहशत
कुरुक्षेत्र. शनिवार शाम को गांव दबखेडी में अचानक एक मगरमच्छ आबादी में घुस आया। मगरमच्छ को आया देख गांव भर में दहशत फैल गई। मगरमच्छ ने एक घर के बाहर बंधे पशुओं पर हमला करना चाहा, लेकिन ग्रामीणों किसी तरह उसे दूर किया।
सूचना मिलते ही वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक रामकरण एवं गार्ड रामकेश मौके पर पहुंचे।ग्रामीणों की सहायता से मगरमच्छ को काबू किया गया। बाद में उसे ट्रैक्टर ट्राली में लाद कर भौरसैंदा स्थित मगरमच्छ प्राणी विहार पहुंचाया गया। बताया जाता है कि यह मगरमच्छ गांव के निकट से गुजर रही एसवाईएल नहर से निकल कर गांव में पहुंचा।
यहां बता दें कि दैनिक भास्कर ने इस संबंध में कुछ दिन पूर्व समाचार भी प्रकाशित किया था कि एसवाईएल और नरवाना ब्रांच नहर के साइफन के पास मगरमच्छों ने अपना डेरा बना रखा है। शनिवार को नहर से एक मगरमच्छ निकल कर गांव में घुस गया।
ग्रामीण धर्मपाल के मुताबिक उक्त मगरमच्छ पालतु पशुओं को निशाना बनाना चाहता था, लेकिन ग्रामीणों ने एकजुट होकर उसे भगाया। वन्य प्राणी निरीक्षक रामकरण के मुताबिक उक्त मगरमच्छ मादा है और करीब सात फुट लंबा है। फिलहाल उसे भौरसैंदा स्थित मगरमच्छ प्राणी विहार में रखा जाएगा, यहां पहले से ही करीब 28 मगरमच्छ हैं।










