दूसरी बार तैयार होंगी डेढ़ लाख डिग्रियां
बीकानेर. महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण हो चुके स्नातक व स्नातकोत्तर करीब करीब डेढ़ लाख विद्यार्थियों के लिए दूसरी बार डिग्रियों का मुद्रण करवाया जाएगा। यह फैसला शनिवार को हुई विश्वविद्यालय की बोम की बैठक में लिया गया।
विवि के कुलपति सचिवालय परिसर में प्रमुख शासन सचिव उच्च शिक्षा तपेश पंवार और कार्यवाहक कुलपति तथा संभागीय आयुक्त प्रीतमसिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डेढ़ लाख डिग्रियों के मुद्रण के अलावा वित्तीय वर्ष 2008-09 का करीब 14 करोड़ की राशि का बजट पारित किया गया।
2009-10 का बजट अगली बैठक में पारित किया जाएगा। बोम ने सीए की ऑडिट रिपोर्ट पर रिपोर्ट पर चर्चा के साथ आगे से ऐसी स्थिति नहीं आने देने की नसीहत भी दी। इसके अलावा विवि में स्टाफ की कमी के मुद्दे पर बोम ने चिंता जताते हुए सरकार को फिर से पत्र लिखने का निर्णय लिया।
दरअसल कुछ समय पहले वित्त विभाग ने विवि से वांछित पदों की सूची मांगी थी। वित्त विभाग की कसरत के बाद विवि को पद भरने की आस जगी थी मगर बाद में मामला फिर ठंडे बस्ते में चला गया। विवि में हुई अनियमितताओं की जांच पर बोम ने सरकार पर निर्णय छोड़ दिया।
बोम के सदस्यों ने सर्वसम्मति ने घड़साना मंडी में स्थित एक निजी महाविद्यालय कुलरिया महाविद्यालय में इस शैक्षणिक सत्र के दौरान परीक्षा केन्द्र निरस्त करने का निर्णय के साथ 147 कॉलेजों की सम्बद्धता का भी अनुमोदन जारी किया। इसके अलावा विवि के सभी कर्मचारियों के मानदेय में संशोधन करन की भी अनुशंसा की। विवि के सैकंड फेज के निर्माण के संबंध में नक्शा के मंजूरी का प्रस्ताव पारित किया गया।
विवि शीघ्र ही नक्शा अनुमोदित करवाने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू कराएगा। बैठक में परीक्षा प्रणाली में सुधार करने का भी निर्णय लिया ताकि रोज-रोज छात्रों के विरोध का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में रायसिंहनगर के विधायक दौलतराम सहित सदस्यों ने भाग लिया।
विवि के रजिस्ट्रार एस.एस. रांकावत ने बताया कि बोम में तत्कालीन सैक्शन ऑफीसर राजेन्द्र सिंह राठौड़ की पत्नी को कनिष्ठ लिपिक पद पर अनुकम्पा नियुक्ति को मंजूरी दी।










