वकीलों ने किया जोधपुर मार्ग जाम बाइपास पर जाम
बीकानेर. संभागीय स्तर पर हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर वकीलों ने शनिवार को बीकानेर-जोधपुर बाइपास पर जाम लगाया। बाइपास के अलावा पलाना की तरफ बरसिंहसर फांटे पर भी चक्काजाम किया गया।
राजमार्ग पर सुबह 11 बजे लगाया गया जाम दो घंटे तक जारी रहा और इस दौरान वकीलों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। जाम के दौरान आपातकालीन सेवाओं तथा एम्बुलैंस, अग्निशमन आदि को मुक्त रखा गया। चक्काजाम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीशचंद्र जांगिड़ और सदर थाना के सीओ सरजीतसिंह भी मौके पर पुलिस जाप्ते के साथ पहुंच गए।
चक्काजाम बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष किशोरसिंह शेखावत और बार सचिव सत्यपालसिंह शेखावत तथा किशन सांखला के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ दो दर्जन के करीब अधिवक्ताओं और जनसंगठनों के पदाधिकारियों ने सहयोग किया। जाम के बाद वहीं पर आमसभा रखी गई।
आमसभा को पूर्व अध्यक्ष शेखावत, जनकिसान पंचायत के जयनारायण व्यास, गणोश चौधरी, भागीरथ मान, सुरेन्द्रपाल शर्मा तथा राजस्थान जाट महासभा के जिलाध्यक्ष तोलाराम भादू ने संबोधित किया। संभागीय संघर्ष समिति के संयोजक रामकृष्णदास गुप्ता ने कहा कि बीकानेर में राजनीतिक उदासीनता के कारण इसके साथ सौतेला व्यवहार हुआ है। परन्तु यहां के वकीलों ने जनसंगठनों के साथ मिलकर आमआदमी को सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने के लिए हाईकोर्ट बैंच की स्थापना करवाने की ठान ली है।
वहीं दूसरी ओर न्यायालय परिसर में वकीलों का धरना और क्रमिक अनशन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन पर एडवोकेट जगदीशराय अरोड़ा, प्रविन्द्र कुमार, सुरेन्द्र साहू, बजरंग मोदी, भवानीशंकर मिश्रा, चंद्रशेखर छंगाणी, लोकेश शर्मा आदि बैठे। इन सभा का पत्रकार मोहनलाल शर्मा ने माला पहनाकर स्वागत किया। शर्मा ने कहा कि यह बीकानेर की विडम्बना है कि यहां कोई मांग बिना किसी आंदोलन के मान ली गई हो। दु:ख की बात है कि हमारे यहां राजनीतिक शून्यता है, परन्तु हमेशा ऐसा नहीं होता। बार अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि सड़कों पर चक्काजाम का दौर अभी जारी रहेगा।










