केन्द्र बंद, कहां से ले पर्यटक सूचना
बीकानेर. बीकानेर आने वाला कोई पर्यटक यदि यहां के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी लेना चाहे तो ऑटो रिक्शा या टैक्सी चालक जूनागढ़ स्थित पर्यटक सूचना केन्द्र पर ले जाता है। परन्तु वहां पर सूचना केन्द्र पर ताला लगा मिलता है।
पर्यटन विभाग ने जूनागढ़ में सैलानियों की मदद के लिए पर्यटन सूचना केन्द्र तो खोल कर रखा है लेकिन यह करीब दो साल से बंद पड़ा है। केन्द्र के बंद होने से यहां आने वाले सैलानियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और जानकारी के अभाव में इन्हें होना पड़ता है गाइड और टैक्सी चालकों का मोहताज।
ऐसी स्थिति में अनरजिस्टर्ड गाइड सैलानियों का फायदा उठाते हैं। पर्यटन केन्द्र खोलने को लेकर पर्यटन व्यवसायी कई बार विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर चुके हैं लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिलता। हालांकि विभाग ने पर्यटक सूचना केन्द्र होटल ढोलामारु परिसर में खोल रखा है हर किसी टैक्सी और ऑटो चालक को इस बारे में जानकारी नहीं है।
साथ ही साथ यह केन्द्र शहर से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर भी स्थित है। जूनागढ़ में स्थित पर्यटक सूचना केन्द्र को विभाग के अधिकारी केवल खानापूर्ति के लिए विश्व पर्यटन दिवस के दिन खोलते और फिर उसे बंद कर दिया जाता है। विभाग के सहायक निदेशक ने पिछले वर्ष नवम्बर में कोलायत मेला और जनवरी में आयोजित हुए ऊंट उत्सव के दौरान जूनागढ़ स्थित पर्यटक सूचना केन्द्र को खोलने की बात कही थी लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस बार भी ऊंट उत्सव की आयोजन तिथि नजदीक आ रही है लेकिन विभाग के यहां के पर्यटक सूचना केन्द्र को खोलने और यहां एक टूरिस्ट ऑफीसर बिठाने की कोई कार्रवाई नहीं की है।










