स्टाइलिश प्लेट्स के खिलाफ समझाइश
कोटा. दुपहिया व चार पहिया वाहनों पर स्टाइलिश नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार से समझाइश अभियान शुरू कर दिया। पहले दिन 1037 लोगों से समझाइश की गई।निर्धारित साइज व पैटर्न की नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 9 से 14 नवंबर तक अभियान चलाने के लिए आईजी राजीव दासोत ने शुक्रवार को आदेश दिए थे।
इस आदेश पर शहर पुलिस ने शनिवार से वाहन चालकों की समझाइश शुरू कर दी। ट्रैफिक डीएसपी योगेन्द्र जोशी ने अंटाघर चौराहे से इसकी शुरूआत की। समझाइश के लिए पुलिस ने जेडीबी कॉलेज की एनएसएस की छात्राओं की मदद ली। पुलिस व छात्राओं ने चौराहे पर ऐसे वाहन चालकों को रोका, जिनकी नंबर प्लेट स्टाइलिश थी।
उन्हें एक पंपलेट दिया, जिसमें वाहन के नंबर किस साइज में लिखे जाने चाहिए, इसकी जानकारी थी। डीएसपी जोशी के अनुसार यह अभियान 8 नवंबर को भी चलाया जाएगा। उसके बाद 9 नवंबर से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।दो व चार पहिया वाहन पर निर्धारित साइज व तरीके से नंबर नहीं लिखे होने पर पुलिस द्वारा चालक से 100 रुपए जुर्माना वसूल किया जाएगा साथ ही सही तरीके से नंबर भी लिखवाएगी।










