एक आवाज पर पहुंचेंगे कुली
जालंधर. सिटी रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को सामान उठाने के लिए कुलियों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। फिरोजपुर डिवीजन ने जालंधर स्टेशन पर 12 नए कुलियों को तैनात किया है, जो बहुत जल्द सेवा में हाजिर होंगे। कुलियों को ट्रेनिंग के दौरान यात्रियों से वार्तालाप करने का भी तौर-तरीका बताया गया है।
गौरतलब है कि तत्कालीन रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने कुलियों को गैंगमैन बना दिया था, जिससे स्टेशन पर कुलियों का टोटा था। फिरोजपुर डिवीजन ने कुलियों में महिलाओं और युवतियों को भी शामिल किया है।
11 कुलियों के हवाले था स्टेशन: अभी तक स्टेशन केवल 11 कुलियों के हवाले था, जिसके चलते कई बार यात्रियों को कुली दिखाई नहीं देते थे जो दिखते भी थे वे सामान उठाने की एवज में यात्रियों से मुंह मांगा पैसे वसूलते थे।
पत्नी व बेटी को दे सकेंगे बैच
रेलवे में यात्रियों की सेवा करने वाले कुली अनफिट होने पर अपना बैच अब पत्नी व बेटी को भी दे सकेंगे। यह घोषणा रेलमंत्री ममता बनर्जी ने की है। अब तक कुली अनफिट होने पर अपना बैच केवल गोद लिए बेटे, भाई और साले को दे सकते थे।










