अंतरराज्यीय ट्रेन डकैत गिरोह पकड़ाया
इंदौर. शुक्रवार रात हीरानगर पुलिस ने पेट्रोल पंप पर डाका डालने जा रहे आठ बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। उन्होंने मुंबई, गुजरात के अंकलेश्वर, भुसावल व मनमाड़ में ट्रेन डकैती की कई वारदात करना कबूल किया। सीएसपी जयवीरसिंह भदौरिया को सूचना मिली थी कि एमआर-10 पर कुछ युवक हथियारों से लैस होकर कहीं जा रहे हैं।
सीएसपी के निर्देश पर टीआई बीपीएस परिहार ने एएसआई ओमप्रकाश मिश्रा व पीएसआई पीएस तिलगांम के साथ रेलवे पुल के नीचे से मनमोहन उर्फ मन्नू निवासी यशोदानगर, अजय सिलावद निवासी न्यू गौरीनगर, धर्मेद्र चौकसे निवासी खातीपुरा, नितिन उर्फ दद्दू यादव व उसके भाई राजेश उर्फ सोनू निवासी ग्राम सोनवाड़ा, भीकनगांव (खरगोन), राहुल असकर निवासी गौरीनगर, पप्पू विश्वकर्मा निवासी गौरीनगर तथा समंदर वर्मा विनासी सेठीनगर को पकड़ा। इनसे दो देशी कट्टे, एक चाकू, लोहे की रॉड, लाठी व आठ मोबाइल बरामद किए।










