रैगिंग मामले में चार छात्र निलंबित
भोपाल. एक दिन पहले निजी कॉलेज में हुई एक छात्र की रैगिंग के मामले में मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने विश्वविद्यालय को इस मामले की जांच कराकर सात दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। उधर कॉलेज प्रबंधन ने दोषी चार छात्रों को निलंबित कर दिया है। मानव अधिकार आयोग ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को रैगिंग मामले की जांच कराने के लिए पत्र लिखा है।
शुक्रवार को एक निजी कॉलेज में बीफार्मा के प्रथम वर्ष के छात्र आकाश साहू को थर्ड ईयर के छात्रों ने पीटा था। इस घटना के बारे में प्रकाशित हुए समाचारों पर संज्ञान लेकर आयोग ने यह कदम उठाया है। दूसरी ओर कॉलेज प्रबंधन ने प्राथमिक जानकारी के आधार पर चार छात्रों को निलंबित कर दिया है।
प्रबंधन अध्यक्ष ने बताया कि अभी प्राथमिक तौर पर यह कार्रवाई की गई है। कमेटी की जांच रिपोर्ट आने पर तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे अन्य छात्र इस मामले से सबक ले सकें। प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम और की गई कार्रवाई की जानकारी आरजीपीवी को भी दे दी है।










