Danik Bhaskar Logo
| 42 Editions | 10 States

Sunday, November 08, 2009 06:23 [IST]  

danik bhaskarसड़क ढाई करोड़ की क्षति मांगी 26 करोड़

भास्कर न्यूज

भोपाल. हबीबगंज अंडरब्रिज से दानापानी तक ढाई करोड़ की लागत से बनने वाली समानांतर सड़क के निर्माण में बाधक झुग्गियों को हटाने के लिए राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) ने 26 करोड़ रुपए के मुआवजे का प्रस्ताव बनाया है। हालांकि इस प्रस्ताव को शासन ने नामंजूर कर दिया है और अन्य विकल्पों पर विचार करने की बात कही है।



इस सड़क के बन जाने से होशंगाबाद रोड पर वाहनों का दबाव तो कम होगा ही, अरेरा कॉलोनी सहित आसपास की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में रहने वालों को भी लाभ मिलेगा। इस सड़क के निर्माण में हबीबगंज अंडरब्रिज से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर हनुमान मंदिर के साथ जनता कॉलोनी के आगे मीरा नगर के 400 मीटर के हिस्से की दो सौ से अधिक झुग्गियां बाधक बन रही हैं।



यहां कुछ निजी जमीन भी आड़े आ रही है, जिसके एवज में ज्यादा मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर भूमिस्वामी कोर्ट की शरण में चले गए हैं। झुग्गी विस्थापन सहित भू-स्वामियों को मुआवजा देने के लिए सीपीए ने 26 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया था। ढाई करोड़ की सड़क के लिए शासन ने इतनी बड़ी राशि को मंजूरी देने से इनकार कर दिया।



अब सीपीए को सड़क के लिए झुग्गी के बीच कहीं-कहीं महज छह मीटर की ही चौड़ाई मिल रही है। वह इसी चौड़ाई में सड़क निर्माण कार्य करने पर विचार कर रहा है। बाधाओं के बीच सीपीए को जहां जैसी जमीन मिल रही है, वहां वैसी सड़क बनाने का काम जारी है। अलग-अलग हिस्सों में सड़क निर्माण का कार्य दानापानी ढाबे के पास भी चल रहा है।



इन बाधाओं की वजह से फिलहाल सिर्फ दो लेन सड़क ही बनाई जा रही है। दूसरे चरण में दानापानी से मिसरोद तक करीब पांच किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसके बनने से अरेरा कॉलोनी, शाहपुरा, भरत नगर, त्रिलंगा, गुलमोहर कॉलोनी, इंडस गार्डन, आकृति ईकोसिटी, मीरा नगर क्षेत्र के रहवासियों को लाभ होगा।



हबीबगंज से दानापानी और फिर मिसरोद तक बनने वाली यह समानांतर सड़क कलियासोत नहर के पास से गुजर रही सड़क में मिलेगी। यहां से होशंगाबाद सड़क से जुड़ जाएगी। इससे 10 और 11 नंबर रूट पर वाहनों का दबाव भी कम होगा। शाम के समय इन रूटों पर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है।

हम सड़क निर्माण की गति बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। एक पखवाड़े के भीतर प्रयासों का प्रतिफल सामने आना शुरू हो जाएगा। - दीप जैन, कार्यपालन यंत्री, सीपीए



प्रशासन को जल्द से जल्द सड़क का कार्य पूर्ण करवाना चाहिए। इसके बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों की आवाजाही सुलभ हो जाएगी। - बाबूलाल यादव, पूर्व पार्षद

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
website:
code:
 
select your language:
Hindi Roman Hindi Phonetic English
comment: