खिन्न किसान कृषि मंत्री से मिले
रायपुर. शुक्रवार की शाम किसान एक बार फिर कृषि मंत्री से मिले और अपनी मांगों को दोहराया। किसानों ने बोनस और मुफ्त बिजली की मांग करते हुए उन्हें एक ज्ञापन भी दिया। आरंग मंडी अध्यक्ष द्वारिका साहू ने बताया कि किसानों ने घेराव कर ज्ञापन कृषि मंत्री को दिया और अपनी मांगों के संबंध में चर्चा की।
उन्होंने बताया कि किसानों की मांगों पर कृषि मंत्री ने सहमति जताते हुए कैबिनेट में इस मुद्दे पर चर्चा कराने का आश्वासन दिया, तब किसानों ने उनसे किसान नेता होने के नाते आंदोलन का नेतृत्व करने का आग्रह किया। श्री साहू ने खेद जताते हुए कहा है कि कृषि मंत्री ने कैबिनेट में चर्चा होने का आश्वासन दिया था लेकिन थोड़ी देर बाद ही विभिन्न माध्यमों से पता चला कि कैबिनेट की बैठक में कृषि या किसान से संबधित कोई मुद्दा ही नहीं उठा। इससे किसानों में आक्रोश है।
उन्होंने बताया कि यदि प्रदेश सरकार किसानों के पक्ष में शीघ्र ही कोई फैसला नहीं लेती है तो पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार नौ नवंबर को प्रदेश की हर सड़क पर यातायात रोक दिया जाएगा। आने वाले समय में किसान आंदोलन और तेज होगा जिसे संभालना प्रशासन के लिए मुश्किल होगा। आंदोलन के समय सयुंक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता पारसनाथ साहू, श्रवण चंद्राकर, जोरा सरपंच सुबोध सिंह राय आदि सहित आसपास के किसान शामिल थे।










