तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला
रायपुर. हीरापुर-मोहबा बाजार मार्ग पर शनिवार की शाम 7.30 बजे तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने कार चालक अरूण अग्रवाल को अपनी चपेट में ले लिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आरोपी ट्रक सहित फरार हो गया। हादसे से गुस्साई भीड़ ने हीरापुर-महोबाबाजार मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। मारूति विहार निवासी अरूण अग्रवाल (40 साल) अपने घर से किसी काम के लिए यहां आए हुए थे। इसी मार्ग पर अपनी कार को पार्क कर अपने दोस्त से बात करने में मशगूल थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक (सीजी जीरो सेवन जेडसी 4247) ने उन्हें कुचल दिया।
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और न ही ट्रक का पता लगाया जा सका है। तुरंत हरकत में आया पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस की समझाइश के बाद भी करीब एक घंटे तक चक्का जाम रहा।
इससे देर तक वहां ट्रैफिक अस्त-व्यस्त रहा। लोगों का गुस्सा इस बात पर था कि आखिरी इस मार्ग पर ट्रक कैसे अंदर आया। पुलिस अधिकारियों ने हादसे की जांच का आश्वासन दिया है।










