Danik Bhaskar Logo
| 42 Editions | 10 States

Sunday, November 08, 2009 07:06 [IST]  

danik bhaskarपर्ची के नाम पर मनमर्जी

मनोज तिवारी

भोपाल. शहर में पेड पार्किग स्थल आज भी अव्यवस्था के शिकार हैं। नगर निगम में जमा होने वाली रसीद का भी ठेकेदार उपयोग कर रहे हैं, जिससे वाहन चोरी होने की स्थिति में वाहन मालिक को क्लेम से वंचित होना पड़ता है। नगर निगम का कहना है कि कार्यालय उपयोग की रसीद वाहन मालिक को दिए जाने के मामले की जांच कराएंगे। नगर निगम द्वारा शहर में 23 स्थानों पर पेड पार्किग सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन फिलहाल 20 स्थानों पर यह व्यवस्था चल रही है।



इसमें जीटीबी कांपलेक्स, टीटीनगर, एमपीनगर, 10 नंबर बस स्टाप जैसे स्थान शामिल हैं। जीटीबी कांपलेक्स में एक मामला सामने आया है, जिसमें पेड पार्किग स्थल पर गाड़ी रखने के बाद वाहन मालिक को कार्यालय उपयोग की रसीद दे दी गई है। इसके बाद भास्कर की टीम ने वाहन पार्किग स्टैंडों का निरीक्षण किया।



टीम रंगमहल चौराहा, टीटीनगर थाने के सामने, न्यू मार्केट में टॉप एंड टाउन के सामने, रोशनपुरा चौराहा स्थित जय स्तंभ, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर स्टेट बैंक स्थित वाहन पार्किग स्टैंड पहुंची। यहां अनियमितताएं देखने को मिलीं।



एक रसीद नंबर पर तीन वाहन : नगर निगम को चूना लगाने में भी पार्किग स्टैंड के कर्मचारी पीछे नहीं हैं। रसीद कट्टे में एक नंबर की तीन पर्चियां होती हैं। इनमें से एक पर्ची वाहन स्वामी को दी जाती है। एक वाहन में लगाई जाती है और एक कार्यालयीन उपयोग के लिए होती है, जो नगर निगम के सुपुर्द की जाती है। पार्किग स्टैंड के कर्मचारी कार्यालयीन उपयोग की पर्ची का भी इस्तेमाल कर लेते हैं। कर्मचारी तीनों पर्चियां तीन अलग-अलग वाहनों को जारी कर देते हैं।



वाहन असुरक्षित : पेड पार्किग स्टैंडों पर भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं। स्टैंड पर तैनात कर्मचारी सिर्फ पर्ची देने और पैसे लेने तक सीमित हैं। उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता है कि कौन सा वाहन कौन उठा रहा है। कई दफा स्टैंड कर्मचारी वाहन लेने आए लोगों से पर्चियां भी नहीं मांगते हैं और कई बार दूर से ही पर्ची दिखाकर लोग वाहन ले जाते हैं। ऐसे में चोरी की आशंका लाजमी है।



ड्रेस नहीं : नगर निगम ने पार्किग स्टैंड के कर्मचारियों के लिए ड्रेस तय कर रखी है, ताकि वाहन चालक स्टैंड कर्मचारी को पहचान सकें, लेकिन स्टैंड कर्मचारी ड्रेस नहीं पहनते। भास्कर की टीम को सिर्फ रंगमहल पार्किग स्टैंड के कर्मचारी ड्रेस में मिले। यहां गाड़ियों पर पर्ची का नंबर भी डाला गया था। वहीं 10 नंबर स्टाप के स्टैंड कर्मचारी टीम को देखकर ड्रेस तलाशते देखे गए।



सलीके से नहीं लगते वाहन : पेड पार्किग स्थलों पर वाहनों को सलीके से खड़ा नहीं किया जाता है। यहां तैनात कर्मचारी भी इसमें रुचि नहीं लेते। सलीके से वाहन खड़ा करने की याद उन्हें तब आती है, जब वाहनों की संख्या बढ़ जाए। ऐसे में वाहनों को खींचा जाता है। भले ही वाहनों में टूट-फूट हो जाए।



इस साल के पेड पार्किग ठेके में अब तक दो वाहन चोरी की शिकायत मिली हैं। इन पर कार्रवाई की जा रही है। पेड पार्किग कर्मचारियों को वर्दी पहनने के निर्देश दिए हैं। सभी ठेकेदारों को इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। - सतेंद्र धाकड़े, उपायुक्त, नगर निगम

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
website:
code:
 
select your language:
Hindi Roman Hindi Phonetic English
comment: