Danik Bhaskar Logo
| 42 Editions | 10 States

Sunday, November 08, 2009 07:14 [IST]  

danik bhaskarपुरानी रंजिश के चलते युवक पर चलाई गोली

भास्कर न्यूज

भोपाल. टीटी नगर थाना क्षेत्र के पंचशील नगर में शुक्रवार रात तीन बदमाशों ने रंजिश के चलते एक युवक पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों में से एक प्रदेश के एक असरदार मंत्री का समर्थक बताया जाता है। उधर, कुछ कांग्रेसियों ने पुलिस पर फरियादी से मारपीट कर पूछताछ करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को थाने पर प्रदर्शन किया।



पुलिस के मुताबिक मोनू उर्फ कौशलेंद्र की कमला नगर इलाके के बदमाश आशीष उर्फ गुलाब जैन से रंजिश चल रही है। करीब डेढ़ साल पहले आशीष, पप्पू पारवे व पंकज ने मोनू के बड़े भाई के साथ अड़ीबाजी की थी। शुक्रवार रात मोनू अपने साथियों मुन्ना, जावेद और मोहम्मद साजिद के साथ रवींद्र कॉलेज रोड पर खड़ा था। इस बीच पप्पू पारवे, आशीष और पंकज वहां मोटरसाइकिल से पहुंचे।



उन्हें देखकर मोनू और उसके दोस्त भागने लगे, तभी एक बदमाश ने उन पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली साजिद की कमर में लगी। उसे मालवीय नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पप्पू पारवे, आशीष जैन और पंकज के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।



गाड़ी में तोड़फोड़: मोनू के साथ पुलिस द्वारा थाने में की गई मारपीट का आरोप लगाते हुए उसके साथियों ने शनिवार की शाम पंचशीलनगर तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने पथराव किया, जिसमें मिनी बस के कांच टूट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को वहां से खदेड़ा।



थाने पर नारेबाजी : कांग्रेस नेता ज्योति सिंह ने साथियों के साथ टीटी नगर थाने का घेराव कर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि पुलिस मोनू के साथ मारपीट कर उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने साजिद को किस अस्पताल में रखा है, इसकी जानकारी भी नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि पप्पू पारवे के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, लेकिन दबाव के कारण पुलिस मामले में लीपापोती करने में लगी है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
website:
code:
 
select your language:
Hindi Roman Hindi Phonetic English
comment: