संभाले नहीं संभली भीड़
रायपुर. वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन देखने के लिए शहर वासियों के साथ-साथ प्रदेश के दूर दराज से भीड़ उमड़ पड़ी। सूर्यकिरण एयरोबेटिक्स शो के रोमांच से आल्हादित लोग ट्रैफिक में ऐसे फंसे कि उन्हें यह भीड़ अरसे तक भुलाए नहीं भूलेगी।
एयर शो बूढ़ातालाब के ऊपर जरूर हुआ लेकिन उसकी भीड़ की वजह से पूरे शहर की यातायात व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई। सदर बाजार, मालवीय रोड, पुरानी बस्ती, लाखेनगर जैसे बूढ़ातालाब से जुड़े क्षेत्रों में तो जनसैलाब उमड़ा हुआ था लेकिन दूरदराज के वैकल्पिक मार्ग वाले क्षेत्र भी इससे अछूते नहीं रहे। रामसागरपारा, तेलघानीनाका से लेकर विवेकानंद आश्रम और कचहरी चौक से लेकर बस स्टैंड तक जाम से लोग हलाकान रहे।
लाखेनगर, मालवीय रोड और महिलाथाना के सामने वाली सड़क पर वाहनों की आवाजाही तो दूर लोगों को पैदल चलने में भी खासी दिक्कतें हरुई। नयापारा और गोलबाजार की तंग गलियों में ठसाठस भीड़ थी। इनको बाहर निकलने में घंटों लग गए। भीड़ का आलम यह था कि जीई रोड पर नगरघड़ी से जयस्तंभ चौक और वहां से तात्यापारा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
रात 8.30 बजे तक भीड़ से यातायात पर दबाव काफी बढ़ा रहा। लोग भीड़ से बचने के लिए रामसागरपारा और तेलघानी नाका वाले रोड पर गए तो वहां भी जाम में फंस गए। भीड़ में फंसे लोग कहने लगे कि एयर शो का रोमांच काफूर हो गया। लोगों में इसके पुलिस की वैकल्पिक व्यवस्था के प्रति नाराजगी भी देखी गई। शहर का ट्रैफिक कंट्रोल करने में पुलिस फेल हो गई।
हालात देखकर अचानक जीई रोड पर जयस्तंभ चौक से आमापारा चौक तक वन-वे कर दिया गया। आमापारा की ओर ट्रैफिक की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। नगर घड़ी की ओर से शारदा चौक और आमापारा की ओर जाने वाली भीड़ को जयस्तंभ चौराहे से केके रोड(मौदहापारा)की ओर डायवर्ट किया गया।











