धुरंधर ढेर, कंगारू शेर, सीरीज गवाई
गुवाहाटीः ऑस्ट्रेलिया ने भारत से छठा वनडे मैच छह विकेट से जीतकर सात मैचों की क्रिकेट सीरीज में 4-2 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का सातवां मैच बुधवार को मुंबई में खेला जाएगा।
यहां के नेहरू स्टेडियम में मेहमान टीम ने तेज गेंदबाजों डग बोलिंगर (5/35), मिशेल जॉनसन (3/39) और शेन वाटसन (2/27) की सधी गेंदबाजी की बदौलत रविवार को पहले तो भारत की पारी 170 रन पर समेट दी। उसके बाद जीत के लिए जरूरी रन 41.5 ओवर में 4 विकेट खोकर बना लिए। कॅरियर में दूसरी बार पांच विकेट झटकने वाले बोलिंगर को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही और उसके ओपनर शॉन मार्श महज छह रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। उन्हें मुनाफ पटेल ने एलबीडब्लू किया। दूसरे ओपनर शेन वाटसन (49) और कप्तान रिकी पोंटिंग (25) ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए जीत का आधा सफर तय किया। दोनों ने 61 रन की साझेदारी की।
भज्जी का डबल : 85 और 90 के स्कोर हरभजन सिंह ने ऑस्ट्रेलिया को दोहरा झटका दिया। उन्होंने पहले तो वाटसन को सहवाग के हाथों झिलवाया और अगले ही ओवर में पोंटिंग को चलता कर दिया। मैच में यही कुछ पल थे, जब लगा कि भारत मैच जीत सकता है।
अनलकी वाटसन : सीरीज में यह दूसरा मौका था, जब वाटसन अर्धशतक से एक रन दूर रह गए। पिछले मैच में नर्वस नाइंटीज (93) का शिकार होने वाले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मोहाली में भी 49 रन पर आउट हुए थे।
फिर अड़े हसी : 90 रन पर तीसरा विकेट झटककर जीत की उम्मीदें जगाने वाली टीम इंडिया एक बार फिर माइक हसी (35 नाबाद) से पार नहीं पा सकी। हसी ने व्हाइट (25) के साथ 53 रन जोड़ने के बाद एडम वोगेस (23 नाबाद) के साथ 29 रन की अविजित साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को आसान जीत दिला दी। हसी ने मौजूदा सीरीज में 104.33 की औसत से 313 रन बनाए हैं।
जॉनसन ने किया पहला वार : इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को मिशेल जॉनसन ने पहले ही ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने चौथी गेंद पर ओपनर वीरेंद्र सहवाग और छठी गेंद पर गौतम गंभीर को बोल्ड किया।
बोलिंगर ने तोड़ी कमर : टीम को इन झटकों से उबारने की जिम्मेदारी सचिन तेंडुलकर (10) और युवराज सिंह (6) पर थी, लेकिन डग बोलिंगर ने इन दोनों को पैवेलियन भेजकर टीम इंडिया की कमर ही तोड़ दी। उन्होंने सचिन को अपनी ही गेंद पर लपकने के बाद अगले ही ओवर में युवराज को बोल्ड किया। तीन रन बाद जॉनसन ने सुरेश रैना को चलता किया।
जडेजा-प्रवीण के अर्धशतक : 27 रन पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (24) के साथ आए रवींद्र जडेजा (57) ने वनडे कॅरियर का दूसरा अर्धशतक लगाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने धोनी के साथ 48 रन जोड़ने के बाद प्रवीण कुमार (54) के साथ 74 रन की साझेदारी की। जडेजा के 149 रन के स्कोर पर बोलिंगर की गेंद पर आउट होने के बाद प्रवीण ने भारत को 170 रन तक पहुंचाया। कॅरियर का पहला अर्धशतक बनाने वाले प्रवीण अंत तक अविजित रहे।
भारत रन गेंद 4 6
वीरेंद्र सहवाग बो. जॉनसन 6 4 0 1
सचिन कै. एंड बो. बोलिंगर 10 17 2 0
गौतम गंभीर बो. जॉनसन 0 2 0 0
युवराज सिंह बो. बोलिंगर 6 16 1 0
धोनी एलबीडब्लू बो. बोलिंगर 24 77 1 0
रैना कै. हॉरित्ज बो. जॉनसन 0 5 0 0
जडेजा कै. व्हाइट बो. बोलिंगर 57 103 6 0
हरभजन सिंह बो. बोलिंगर 0 2 0 0
प्रवीण कुमार नाबाद 54 51 7 1
आशीष नेहरा बो. वाटसन 4 12 0 0
मुनाफ पटेल बो. वाटसन 0 2 0 0
अतिरिक्त (बा. 1, लेबा. 1, वा. 4, नो. 3) 9
कुल (48 ओवर में आउट) 170
विकेट पतन : 1-7, 2-7, 3-23, 4-24, 5-27, 6-75, 7-75, 8-149, 9-170, 10-170
गेंदबाजी : मिशेल जॉनसन 9-1-39-3, डग बोलिंगर 10-4-35-5, क्लिंटन मैक्के 10-1-44-0, नाथन हॉरित्ज 9-2-19-0, शेन वाटसन 8-0-27-2, एडम वोगेस 2-0-4-0,
ऑस्ट्रेलिया रन गेंद 4 6
वाटसन कै. सहवाग बो. हरभजन 49 49 10 0
मार्श एलबीडब्लू बो. मुनाफ 6 14 1 0
पोंटिंग कै. रैना बो. हरभजन 25 57 3 0
व्हाइट एलबीडब्लू. बो. रैना 25 48 0 0
माइक हसी नाबाद 35 62 2 0
एडम वोगेस नाबाद 23 21 4 0
अतिरिक्त (बा. 6, लेबा. 2, वा. 1) 9
कुल (41.5 ओवर में 4 विकेट पर) 172
विकेट पतन : 1-24, 2-85, 3-90, 4-143,
गेंदबाजी : प्रवीण कुमार 2-0-10-0, आशीष नेहरा 3-0-21-0, मुनाफ पटेल 4-1-13-1, रवींद्र जडेजा 10-1-36-0, हरभजन सिंह 10-1-23-2, युवराज सिंह 7-1-29-0, सुरेश रैना 3-0-13-1, वीरेंद्र सहवाग 2-0-8-0, सचिन तेंडुलकर 0.5-0-11-0.










