सोहेल की मस्ती
मुंबई. सलमान खान की सार्वजनिक तौर पर शर्ट उतारने की आदत को अब उनके छोटे भाई सोहेल खान आगे ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। हाल ही में अजय देवगन और काजोल द्वारा ‘ऑल द बेस्ट’ की सफलता के लिए दी गई पार्टी में सोहेल खान ने कुछ ऐसा ही कारनामा किया। पार्र्टी में बात-बात में उन्होंने अपनी टीशर्ट उतारकर निर्देशक जोड़ी अब्बास-मस्तान के हाथों में पकड़ा दी और खुद एक वेटर की शर्ट पहनकर खड़े हो गए।
पार्टी में मौजूद एक सूत्र ने बताया कि सोहेल वहां नीली टीशर्ट में थे, जिस पर ‘प्लेयर’ लिखा हुआ था। अब्बास-मस्तान ने सोहेल को देखकर मजाक में कहा कि उन्होंने अपने बैनर के लिए ‘प्लेयर’ शीर्षक पंजीकृत करवा लिया है और जल्द ही इस नाम से फिल्म बनाने वाले हैं। उन्होंने सोहेल से कहा कि उनकी टीशर्ट देखकर कोई उनके इस शीर्षक को चुरा सकता है। इतना सुनते ही सोहेल ने टीशर्ट उतारी और उनके हाथ में पकड़ा दी। इसके बाद उन्होंने पास खड़े एक वेटर को बुलाकर उसकी शर्ट उतरवाई और खुद पहन ली।
मस्तान ने बताया कि यह देखकर वाकई हम हैरत में पड़ गए। हमने तो सोहेल से यूं ही कहा था कि हम ‘प्लेयर’ नाम से एक फिल्म बनाने जा रहे हैं। लेकिन सोहेल ने तुरंत अपनी टीशर्ट निकालकर हमें दे दी।










