चंडीगढ़ कार्निवाल का आगाज 28 से
चंडीगढ़. गीत-संगीत, डान्स और मस्ती का उत्सव ‘चंडीगढ़ कार्निवाल’ 28 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। लेजर वैली, सेक्टर-10 में कार्निवाल के पहले दिन लाफ्टर शो में जलवे दिखा चुकीं हास्य कलाकार भारती सिंह (लल्ली) और बनवारी लाल जोहल हंसी की महफिल सजाएंगे। मशहूर गायक केके भी अपने ट्रूप के साथ यहां धूम मचाएंगे।
पंजाबी गायक जमाएंगे रंग : दो दिन चलने वाले कार्निवाल में दिन के समय नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर और अन्य सांस्कृतिक संगठन कार्यक्रम पेश करेंगे। बॉलीवुड कलाकार उपासना सिंह और पंजाबी गायक भी रंग जमाएंगे।
कार्निवाल हैट बनाएंगे स्टूडेंट : इस वर्ष आईटीएफटी के स्टूडेंट भी कार्निवाल परेड में हिस्सा लेंगे। उन्हें कार्निवाल हैट तैयार करने का जिम्मा भी सौंपा गया है। आईटीएफटी के स्टूडेंट शहर में सिनेमेटिक टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कार्निवाल में एक फिल्म सिटी भी सजाएंगे।
विदेशी कलाकार करेंगे मनोरंजन : इस वर्ष कार्निवाल में जोर्डन, हंगरी और फ्रांस के स्टॉल भी नजर आएंगे जिनमें इन देशों की विशेषताओं को दर्शाया जाएगा। इन देशों से करीब 16 फोक डांस ट्रूप हिस्सा ले सकते हैं। कार्निवाल परेड में विभिन्न स्कूल, कॉलेजों के विद्यार्थी रंग बिरंगी झाकियों के साथ शामिल होंगे। रॉक गार्डन के स्कल्प्चर की झांकी मुख्य आकर्षण रहेगी।
ली काबरूजिए का ऑर्ट वर्क, दुर्लभ फोटोग्राफ
कार्निवाल में ली काबरूजिए सेंटर दुर्लभ फोटोग्राफ से गैलरी सजाएगा। ली काबरूजिए के आर्ट वर्क की प्रतिकृतियां भी यहां रखी जाएंगी। शहर के पर्यटन स्थलों की तस्वीरों से सजे सोविनियर भी यहां से खरीदे जा सकेंगे।
खाने-पीने का होगा खास इंतजाम
मस्ती के साथ-साथ खाने पीने का भी यहां विशेष इंतजाम होगा। सिटको दा वेहड़ा, हरियाणा टूरिज्म फूड कोर्ट, आईएचएम, सीआईएचएम के स्पेशल मेन्यू के साथ स्टाल लगाए जाएंगे।










