रांची स्कूल ने लुधियाना को हराया
चंडीगढ़. एसएस हाई स्कूल रांची ने नेहरू हॉकी (बॉयज) टूर्नामेंट के लीग मैच में मालवा खालसा सीनियर सेकंडरी स्कूल मॉडल ग्राम लुधियाना को 6-1 से पराजित कर दिया। सेक्टर 42 के हॉकी स्टेडियम में आयोजित टूर्नामेंट में रांची की टीम हाफ टाइम तक 3-1 से आगे थी। रांची की तरफ से पहला गोल 17वें मिनट में निदरेष ने पेनल्टी स्ट्रोक से किया।
एक गोल की बढ़त लेने के बाद रांची के लिए इनम ने 26वें मिनट में दूसरा गोल किया। इसके तीन मिनट बाद ही विजेता टीम को पेनल्टी कार्नर मिला। जिसे दिनेश ने गोल में बदल कर टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। विजेता टीम के लिए निदरेष ने 38वें मिनट में, इनम ने 50वें मिनट में और कप्तान मनीष दास ने 68वें मिनट में गोल किए। मालवा की तरफ से एकमात्र गोल 34वें मिनट में हुआ।
एक अन्य मैच में यूनीयन अकादमी सीनियर सेकंडरी स्कूल राज बाजार नई दिल्ली ने एनसीसी (ए)को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से शिकस्त दी। दिल्ली की तरफ से 10वें मिनट में सुमीत ने पेनल्टी कार्नर से गोल कर टीम का खाता खोला। 22वें मिनट में मोहित ने पेनल्टी कार्नर से गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। इसके बाद प्रवीन कुमार ने 42वें और 61वें मिनट में दो गोल जबकि रणबीर ने 64वें मिनट मे गोल कर दिल्ली की जीत तय कर दी।
एक अन्य मैच में बीएम कॉलेज सोनीपत ने झरकोड़ी स्कूल लुधियाना को 6-0 से हराया। स्प्रिंग डेल स्कूल अमृतसर और गुरू गोबिंद सिंह कॉलेज लखनऊ के बीच हुए कांटे के मुकाबले में दोनों टीमें 5-5 की बराबरी पर रही। हाफ टाइम तक अमृतसर की टीम 1 गोल से आगे थी।










