Danik Bhaskar Logo
| 27 Editions | 9 States

Investor
Monday, November 09, 2009 03:23 [IST]  

danik bhaskarलगा ट्रैफिक जाम, नहीं हुआ कारोबार

भास्कर न्यूज

चंडीगढ़. सेक्टर-7 में लगते रहे संडे कार बाजार के लिए इंडस्ट्रियल एरिया में पहला रविवार परेशानी भरा रहा। जगह पर्याप्त न होने के कारण कारोबारी अपनी गाड़ियां डिस्प्ले नहीं कर सके। सुबह 11.30 बजे कार डीलरों ने गाड़ियां बिक्री के लिए लगाईं, खरीदार आने लगे तो वहां जाम लग गया।



मौके पर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों को भी पहुंचना पड़ा। नाराज व्यापारियों ने कोई सौदा किए बगैर कुछ ही देर में कारोबार समेट लिया। वित्त सचिव संजय कुमार भी पहुंचे और उन्होंने एसोसिएशन को रामदरबार में कार पार्किग के लिए अतिरिक्त जगह देने का आश्वासन दिया।



ऐसे नहीं लगाएंगे बाजार



कार बाजार को सेक्टर-7 से हटाने के फैसले से खफा कार डीलरों को इस स्थिति का अंदाजा पहले से ही था। कार डीलर एसोसिएशन ने पिछले हफ्ते कहा था कि अगले रविवार वह प्रशासन को नई जगह पर कार बाजार लगाने का सिर्फ डेमोन्स्ट्रेश देंगे। एसोसिएशन के उप प्रधान राजेश गुप्ता ने बताया कि कम जगह और जरूरी सुविधाओं के अभाव में उन्होंने रविवार को कारें नहीं बेचीं।



गुप्ता ने कहा कि प्रशासन जब तक एसोसिएशन को पूरी सुविधाएं और अतिरिक्त जगह नहीं देगा, तब तक इंडस्ट्रियल एरिया में कार बाजार नहीं लगाएंगे। उन्होंने बताया कि सेक्टर-7 के कार बाजार में हजार से ज्यादा गाड़ियों की जगह थी, जबकि यहां मुश्किल से 250 गाड़ियां खड़ी हो पाती हैं। नए कार बाजार में पीने के पानी, शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने कहा कि लाखों की डील होती हैं, ऐसे में सुरक्षा की भी जरूरत है।



कम जगह में कैसे करें काम



हाईटेक कार डीलर के प्रदीप पप्पी ने कहा कि प्रशासन ने 27 साल पुरानी मार्केट को हटाकर उन्हें परेशानी में डाल दिया है। यहां पर जगह की कमी के चलते हम गाड़ियां खड़ी नहीं कर पा रहे, ऐसे में कारोबार कैसे चलेगा। कार डीलर कुलदीप ने कहा कि इंडस्ट्रिलय एरिया में बनाए गए कार बाजार के साथ पार्किग की सुविधा नहीं है, खरीदारों को भी परेशानी हो रही है।



चोरी का डर, रात यहीं बिताई



कैपिटल कार बाजार के कुलविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने कल शाम को ही अपनी कारें यहां लगा दीं थी। आसपास का एरिया सुरक्षित न होने के कारण पूरी रात उन्हें वहीं पर काटनी पड़ी।



निराश लौटे खरीदार



पटियाला से आए ऋषभ ने कहा कि चंडीगढ़ के कार बाजार में अच्छी गाड़ी सही दाम पर मिल जाती है, यही सोचकर यहां आए थे। लेकिन यहां आकर उन्हें गाड़ी न मिलने से निराशा हुई। अंबाला से आए राजेश ने कहा कि हम तो सेक्टर-7 में पहुंच गए थे, वहां पता चला कि बाजार शिफ्ट हो गया है। इंडस्ट्रियल एरिया आए तो यहां भी गाड़ी नहीं खरीद पाए।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: