सर्दी की पहली बारिश, गिरा तापमान
चंडीगढ़. दो रोज से शाम को छा रही हल्की धुंध से सर्दी का अहसास होने लगा था। सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद शहर में ज्यादातर लोग स्वेटर व जैकेट पहने नजर आए। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से हुई बारिश के साथ ओले भी पड़े।
दिन की शुरुआत बादलों की तेज गर्जना के साथ हुई। थोड़ी ही देर में बारिश शुरू हो गई और ओले भी गिरने लगे। पिछले दो रोज से रात का तापमान गिरकर 12 डिग्री तक पहुंच चुका था। सोमवार सुबह हुई बारिश से दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। दोपहर साढ़े ग्यारह बजे शहर का तापमान 19.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद दिन में भी कई दफा बादलों की गर्जना के साथ बारिश हुई।
मौसम में इस बदलाव का असर आने वाले दिनों में दिखेगा। हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी से शहर में भी ठंडक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में रात के वक्त ठंड और बढ़ेगी।
सिपाही के घर पर पेड़ गिरा
सेक्टर-26 में सोमवार को सिपाही बलकार सिंह के मकान के ऊपर पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में बिजली का खंभा आ गया। घर को मामूली क्षति हुई है। इस बीच अफवाह फैल गई कि वहां बिजली गिरी है। एसएचओ रघुबीर सिंह ने बताया कि पेट को हटा दिया गया है।










