सुनील भाटिया होंगे डीपीआई
चंडीगढ़. पीसीएस अफसर सुनील भाटिया को डीपीआई (स्कूल्स) नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने सोमवार को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए। सुनील भाटिया इससे पहले सिटको के चीफ जनरल मैनेजर थे।
भाटिया की जगह सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट की डायरेक्टर अमनदीप कौर को सिटको का सीजीएम नियुक्त किया गया है। वह डायरेक्टर टूरिज्म का पदभार भी संभालेंगी। टूरिज्म डिपार्टमेंट के डायरेक्टर सम्वर्तक सिंह अब डायरेक्टर सोशल वेलफेयर होंगे।
शिक्षक भर्ती घोटाले में डीपीआई सम्वर्तक सिंह का नाम आने के बाद पुलिस ने जांच रिपोर्ट में कहा था कि सम्वर्तक सिंह की इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं पाई गई है, लेकिन उनकी लापरवाही जरूर रही है। यह रिपोर्ट प्रशासक को भेजी गई थी। उन्होंने सम्वर्तक सिंह को वापस गृह राज्य हरियाणा भेजने के बजाय डीपीआई का चार्ज वापस लेने के निर्देश दिए थे।
इसके अलावा आईएएस अभिषेक देव को एसडीएम (ईस्ट) नियुक्त किया गया है। इससे पहले निहारिका राय एसडीएम (ईस्ट) थीं। निहारिका राय आरएलए और जिला परिषद की सीईओ बनी रहेंगी। सिटको के मैनेजिंग डायरेक्टर डीके तिवारी की झारखंड में विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगी है, तब तक निहारिका राय सिटको एमडी की जिम्मेदारी संभालेंगी।
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन मोहनजीत सिंह और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर संदीप कुमार की भी झारखंड विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगी है। चंडीगढ़ नगर निगम के कमिश्नर रोशन संकारिया को सीएचबी का कार्यकारी चेयरमैन और सीएचबी की सेक्रेटरी जसविंद्र कौर को सीईओ का जिम्मा भी सौंपा गया है।
शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रशासन, पुलिस को नोटिस
शिक्षक भर्ती घोटाले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दायर सेक्टर—47 निवासी कर्मजीत सिंह की शिकायत पर हाईकोर्ट ने होमसेक्रेटरी रामनिवास, डीजीपी शांति कुमार जैन, एसएसपी सुधांशु शेखर श्रीवास्तव, एसपी मधुर वर्मा, एसएचओ यशपाल और सीबीआई के जोनल डायरेक्टर को नोटिस देकर 1 दिसंबर को जवाब मांगा है। याचिका में कर्मजीत ने इस भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। याची ने कहा है कि पुलिस ने प्रशासनिक दबाव के कारण इसमें निष्पक्ष जांच नहीं की और घोटाले में शामिल आरोपी अफसरों को बचाया है।










