Danik Bhaskar Logo
| 27 Editions | 9 States

Investor
Tuesday, November 10, 2009 02:53 [IST]  

danik bhaskarस्वाइन फ्लू से बच्ची की मौत

भास्कर न्यूज

swine fluपंचकूला. स्वाइन फ्लू से पंचकूला की 16 वर्षीय पल्लवी की सोमवार को मौत हो गई। वह सेक्टर-7 स्थित मोतीराम आर्य पब्लिक स्कूल में 10वीं की छात्रा थी। उसे तड़के करीब 4.30 बजे इलाज के लिए सेक्टर-21 के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रैफर कर दिया गया था। निजी अस्पताल में ही उसे स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। दोपहर को लगभग 1 बजे पल्लवी ने पीजीआई में दम तोड़ दिया।



पल्लवी के परिवार में माता-पिता व एक बड़ा भाई है। भाई सन्नी इन दिनों अमेरिका में है। उसके पिता अमित क्वात्रा का आयात-निर्यात का बिजनेस है। पल्लवी करीब 5 महीने पहले अमेरिका रह कर आई थी। वह पढ़ाई में काफी तेज और मिलनसार स्वभाव की थी। अभी पल्लवी का शव पीजीआई की मॉर्चरी में ही रखा गया है। उसका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा। पल्लवी के मौसा सुरेश ने आरोप लगाया कि पीजीआई में पल्लवी की तकलीफ को गंभीरता से नहीं लिया गया। उसे चेक करने के लिए सीनियर डॉक्टर भी नहीं आए, हालांकि परिवार ने इसके लिए काफी जोर भी दिया था।



जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जगमाल सैणी के अनुसार पल्लवी के स्कूल की प्रिंसिपल से बात हो गई है, मंगलवार को स्कूल बंद रखने को कहा गया है। पल्लवी के पेरेंट्स सहित करीब 15 लोगों को एहतियात के तौर पर स्वाइन फ्लू की दवा दी गई है। इनमें 6 लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। हेल्थ विभाग की टीम ने पल्लवी के घर का दौरा भी किया। परिवार को कम से कम लोगों के संपर्क में आने को कहा गया है।



नैना देवी ट्रिप से फ्लू लेकर लौटी थी



डॉ. जगमाल का कहना है कि अब तक की छानबीन से यही स्पष्ट हुआ है कि पल्लवी नैना देवी ट्रिप पर गई थी और वहीं से स्वाइन फ्लू लेकर लौटी थी। उसके लैब टेस्ट पॉजिटिव मिले हैं। ऐसी भी जानकारी मिली है कि कई पेरेंट्स अपने बच्चों को चेकअप के लिए खुद जनरल अस्पताल लेकर गए और बच्चों को दवाई दिलाई।



शनिवार को गई थी ट्रिप पर



पल्लवी के मौसा सुरेश ने बताया कि बीते शनिवार को पल्लवी स्कूल की तरफ से एक दिन के ट्रिप पर नैना देवी व आनंदपुर साहिब गई थी। ट्रिप में 88 बच्चे गए थे। सोमवार तड़के पल्लवी को पेट में दर्द व सांस लेने में कुछ तकलीफ महसूस हुई। वहां लैब टेस्ट में पल्लवी को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। उसके बाद पल्लवी को करीब 7.30 बजे पीजीआई रैफर कर दिया गया था।



5 को ही मनाया था जन्मदिन



पल्लवी ने बीते 5 नवंबर को ही जन्मदिन मनाया था। एक दिन पहले उसकी तबीयत कुछ ढीली थी, लेकिन जन्मदिन की खुशी में वह तकलीफ भूल गई थी। शनिवार को जब वह ट्रिप पर नैना देवी गई थी, वहां एक जगह गिर भी गई थी, शायद अंदर से तबीयत पूरी तरह से ठीक न होने के कारण वह कमजोरी महसूस कर रही होगी।



डीएवी के दो बच्चें को फ्लू के बाद स्कूल बंद



शहर के दो स्कूलों के तीन विद्यार्थियों को सोमवार को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हो गई। डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर 8 में 9वीं के दो विद्यार्थी और गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल सेक्टर 33 में 10वीं सी का एक विद्यार्थी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए।



नोडल ऑफिसर डॉ. एचसी गेरा ने बताया कि डीएवी में जिन दो विद्यार्थियों को स्वाइन फ्लू हुआ है उनमें से एक की बहन डीएवी स्कूल सेक्टर 39 में पढ़ती है। इसके बाद डीएवी-8 और 39 को एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया है। अब ये स्कूल सोमवार को खुलेंगे। इससे पहले सेक्टर 8 डीएवी में आठवीं के दो विद्यार्थियों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी।



वहीं, सेक्टर 33 स्थित गवर्नमेंट स्कूल की 10वीं सी में पढ़ने वाले विद्यार्थी को स्वाइन फ्लू के बाद 10वीं सी सेक्शन के बच्चों को अगले सोमवार को आने को कहा गया है। जिन विद्यार्थियों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है उन्हें और उनके घरवालों को उन्हीं के घर में नजरबंद कर दिया गया है।



गेरा ने कहा कि प्राइवेट कोचिंग इंस्टीटच्यूट्स को पहले भी निर्देश जारी किए गए हैं कि जिन विद्यार्थियों में उन्हें स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देते हैं उन्हें तुरंत वापस भेज दें, लेकिन इन नियमों का पूरी तरह से पालन नहीं हो रहा।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: