शाहिद का दर्द
मुंबई. जानवरों की बेहतरी के लिए काम करने वाली संस्था ‘पेटा’ द्वारा इस वर्ष जून में कराए गए सर्वेक्षण में एशिया के सर्वाधिक सेक्सी शाकाहारी पुरुष करार दिए गए शाहिद इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि विदेशों में उन्हें अपने खाने के लिहाज से शाकाहारी भोजन की सीमित वैरायटी ही मिलती है।
यशराज बैनर की परमीत सेठी के निर्देशन में बन रही एक अनाम फिल्म की शूटिंग के लिए हाल ही में बैंकॉक रवाना होने से पहले शाहिद इस बात को लेकर चिंतित नजर आए कि वहां उन्हें संभवत: तरह-तरह के शाकाहारी व्यंजन नसीब नहीं हो सकेंगे। गौरतलब है कि इसी वजह से अमेरिका में भी उन्हें दिक्कतें पेश आई थीं, जहां उन्हें कुछ समय पूर्व इसी फिल्म की शूटिंग के लिए ४क् दिनों तक रहना पड़ा था।
इस बारे में उनके एक मित्र का कहना है, ‘शाहिद अपने घर पर होने वाली पार्टियों में भी मित्रों को नॉन-वेज सर्व करते हैं, लेकिन खुद कभी अंडा तक नहीं लेते। विदेशों के ज्यादातर होटलों में शाकाहारियों के हिसाब से ज्यादा व्यंजन नहीं होते। पिछले महीने जब शाहिद अमेरिका में थे, तो उनका नौकर होटल के शेफ को खासतौर पर उनकी पसंद-नापसंद के बारे में बताता रहता था, ताकि उसी हिसाब से खाना बन सके। बैंकॉक में भी यही कहानी दोहराई जा सकती है।’










