पीयू में छात्र गुट फिर भिड़े, एक गंभीर घायल
चंडीगढ़. पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू और पुसू समर्थकों की आपसी रंजिश के चलते फिर छात्र पर कातिलाना हमला हुआ। दोनों पक्षों में यह हिंसक टकराव पीयू के मैथ्स डिपार्टमेंट में हुआ।
पिछले हफ्ते डिपार्टमेंट की फ्रेशर पार्टी में हुए विवाद को सुलझाने के लिए चेयरपर्सन के पास पहुंचे ये छात्र आपस में भिड़ गए। इसी दौरान एक ग्रुप ने दूसरे ग्रुप के छात्र पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस छात्र को सिर पर गहरी चोट आई, उसके साथी उसे जनरल अस्पताल ले गए। इस दौरान हमलावर छात्र मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एक छात्र को गिरफ्तार करउसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मालूम हो मैथ्स डिपार्टमेंट के छात्रों के बीच छह नवंबर को फ्रेशर पार्टी के आयोजन को लेकर बहस हो गई थी। लेकिन तब विभाग के शिक्षकों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया था। इसके बाद मंगलवार को डिपार्टमेंट की चेयरपर्सन ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया था। इसी दौरान छात्रों के दोनों पक्षों में बहस हो गई।
बहस हाथापाई तक पहुंच गई। दोनों छात्र गुट हाथापाई करते हुए डिपार्टमेंट के बाहर आ गए। यहीं पर बीएसएसी मैथ्स फाइनल ईयर ऑनर्स के विद्यार्थी जगदीप सिंह के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। इस घातक हमले के बाद जगदीप जमीन पर गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा।
जगदीप सिंह के साथियों का आरोप है कि यह हमला एमएससी सेकंड ईयर के छात्र सुखदेव सिंह ने किया है। पुलिस ने आरोपी छात्रों में से एक गुरिंदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सुखदेव सिंह, गुरिंदर और प्रभजोत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। जगदीप के सिर पर टांके लगे हैं और हालत गंभीर बनी हुई है।
पीयू में सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल
इस हमले के बाद पीयू में सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हुए हैं। पीयू के गेटों पर गाड़ियों की चेकिंग होती है ताकि कोई भी हथियार लेकर कैम्पस में न आ सके लेकिन आरोपी छात्र कैम्पस में तेजधार हथियार लेकर दाखिल हुए और हमला किया। इसके बाद ये छात्र फरार भी हो गए लेकिन इन्हें गेट पर रोकने की कोशिश नहीं की गई। जबकि आधे घंटे तक मैथ्स डिपार्टमेंट में यह झगड़ा चलता रहा था।










