बुजुर्ग महिला के हाथ-पांव बांधे, लूटा
चंडीगढ़. सेक्टर—29 में सोमवार रात तीन लोगों ने घर में घुसकर जमकर लूटपाट की। लुटेरों ने घर की मालकिन 80 वर्षीय गुरदेव कौर के हाथ—पांव रस्सी से बांध दिए। बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला और सोने—चांदी के जेवर लेकर भाग गए। पुलिस ने बुधवार को इस वारतात में लुधियाना की रहने वाली आरोपी महिला उमलबरा और सुखजीत सिंह गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपी मनीमाजरा के मोनू की गिरफ्तारी बाकी है।
इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी यशपाल विनायक ने बताया कि गुरदेव कौर घर पर अकेली रहती हैं । सोमवार रात उनके घर में दो व्यक्ति और एक महिला घुस गए। लूट की घटना के बाद गुरदेव ने शोर मचाया। तब पड़ोसी पहुंचे और उन्हें बंधनों से मुक्त किया। पड़ोसी जोगिंद्र सिंह ने भागते हुए आरोपियों में से एक को पहचान लिया था। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम तीनों आरोपी दड़वा के पास घूम रहे थे। पुलिस के पहुंचने पर मोनू भाग गया। बाकी दो आरोपी धर लिए गए। मोनू की तलाश में छापे मारे गए हैं।










