जंजुआ के बारे में मंत्री को बताना चाहिए था : बादल
चंडीगढ़. मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि विजिलेंस ने इंडस्ट्री डायरेक्टर वीके जंजुआ की गिरफ्तारी बारे उद्योगमंत्री मनोरंजन कालिया को बता देना चाहिए था। बादल ने कहा कि मंगलवार को कैबिनेट मीटिंग के दौरान भी उद्योगमंत्री ने यह मामला उनके सामने उठाया था। साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विजिलेंस यदि किसी को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ती है तो कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि वह इस बारे में संबंधित विभाग के मंत्री अथवा अफसर को बताए।
गौरतलब है कि विजिलेंस ने सोमवार को पंजाब के इंडस्ट्री डायरेक्टर वीके जंजुआ को दो लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। उद्योग मंत्री मनोरंजन कालिया ने उनकी गिरफ्तारी को लेकर उन्हें सूचित नहीं किए जाने पर ऐतराज जताया है।
बादल ने 1121 बासमती और 201 किस्म की धान को उचित मूल्य पर न खरीदे जाने के लिए केंद्र सरकार को दोषी ठहराया। कहा कि सूखे के बावजूद केंद्रीय भंडार भरने वाले किसानों के साथ इस प्रकार का सुलूक किया जा रहा है। बादल ने कहा कि 50 रुपए बोनस तो आम सीजन में ही दिया जाता है लेकिन इस बार स्थितियां काफी बदली होने के बावजूद केंद्र सरकार ने किसानों के साथ न्याय नहीं किया।
बिजली बोर्ड के विघटन संबंधी मुख्यमंत्री ने कहा, बोर्ड के कर्मचारियों, उपभोक्ताओं सभी को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाएगा। राजपुरा थर्मल प्लांट संबंधी उन्होंने का कि एक सप्ताह के भीतर इसकी अलाटमेंट कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल 15 नवंबर की रात को इजरायल जा रहे हैं। वह इजरायल में जल प्रदूषण पर होने वाली कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे। 20 नवंबर को उनकी स्वदेश वापसी होगी।



