पीयू को नोटिस
चंडीगढ़. पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के पांच वर्षीय लॉ कोर्स की 45 सीटें बढ़ाने के बाद इनको भरने के लिए उम्मीदवारों को पर्याप्त समय न देने के विरोध में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिका पर पीयू को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
छात्रा पखुंड़ी सुंदरा की तरफ से याचिका में कहा गया कि यूनिवर्सिटी ने लॉ कोर्स की 135 सीटों को बढ़ाकर 180 कर दिया। इसके लिए नोटिस देकर अगले ही दिन 5 नवंबर को ये सीटें भर ली गईं। याचिका में कहा गया कि उससे कम अंक पाने वाले उम्मीदवार का दाखिला कर लिया गया, जबकि उन्हें इसके लिए कोई नोटिस तक नहीं दिया गया। याचिका में आरोप लगाया गया कि पीयू ने आनन फानन में ये नियुक्तियां कीं और अपने चहेते उम्मीदवारों को दाखिला दे दिया, जबकि अन्य योग्य उम्मीदवारों को दाखिले की जानकारी तक नहीं मिली।
छात्रा नवरीत ने एक अन्य याचिका दायर कर एनआरआई कोटे की खाली पड़ी 18 सीटों को सामान्य वर्ग से भरने की मांग की है। यूनिवर्सिटी का कहना है कि प्रॉस्पेक्टस में पहले ही साफ कर दिया गया है कि एनआरआई सीटें खाली रहने पर इन्हें भरा नहीं जाएगा।










