राहुल की चुनौती से निपटेंगे अखिलेश यादव
लखनऊ. उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद लोकसभा उपचुनाव में अपनी पत्नी डिंपल यादव की हार से तिलमिलाए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव ने राहुल गांधी पर अपनी भड़ास निकाली।
उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा, ‘मैंने किसी को चुनौती नहीं दी है लेकिन अगर कोई उन्हें ललकारता है तो वह मुकाबले के लिए तैयार हैं।’ अखिलेश ने कहा कि वह राहुल की चुनौती स्वीकार करते हैं।
उन्होंने कहा कि वह फिरोजाबाद सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार राजबब्बर की जीत के लिए राहुल को बधाई देते हैं लेकिन विधानसभा उपचुनाव में हार की जिम्मेदारी भी उन्हें लेनी होगी। कांग्रेस को राज्य के 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सिर्फ एक पर जीत मिली है।
राहुल के दलितों के घरों में रात बिताने के बारे में उन्होंने कहा कि दलित की झोपड़ी में एक रात रुक जाने से उनकी गरीबी दूर नहीं हो जाती है। अखिलेश ने कहा कि राहुल उत्तरप्रदेश में युवा शक्ति के दम पर सरकार बनाने की बात करते हैं, लेकिन फिरोजाबाद में उन्हें एक युवा प्रत्याशी भी नहीं मिला और ‘बुजुर्ग’ को मैदान में उतार दिया।



