Friday, November 13, 2009 02:38 [IST]  

danik bhaskarदो दिनों में हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार संभव

भास्कर न्यूज

चंडीगढ़. अगले दो दिनों में मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। विस्तार की संभावनाएं देख फिलहाल मंत्रियों व मुख्य संसदीय सचिवों को निवास व सचिवालयों के कमरों में बदलाव की प्रक्रिया रोक दी गई है। पता चला है कि शनिवार या रविवार को दो मंत्री शपथ ले सकते हैं। ऐलनाबाद चुनाव होने तक कुछ सीटें रिक्त रखी जाएंगी।



मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा इस प्रक्रिया में पूरी तरह जुटे हुए हैं, उनसे बुधवार को हजकां के नवआगंतुक विधायकों ने बातचीत भी की। इनमें सतपाल सांगवान व राव नरेन्द्र सिंह बाजी मार सकते हैं लेकिन विनोद भ्याणा भी ज्यादा पीछे नहीं हैं। तीन में से दो को मंत्री पद मिल सकता है। बताया जा रहा है कि सतपाल सांगवान को तो इशारा किया जा चुका है।



जहां तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का सवाल है, वे प्रयास तो पूरा कर रहे हैं लेकिन अभी पार किसी की नहीं पड़ी है। बताया जा रहा है कि ऐलनाबाद उपचुनाव के बाद कम से कम दो रिक्त सीटें भरी जाएंगी। दो सीटें रिक्त रखने के पीछे राजनीतिक विशेषज्ञ कारण यह बताते हैं कि कांग्रेस वहां मंत्री बनाने का वादा जरूर करेगी। इसके अलावा दूसरा पद खाली रहेगा तो कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को उम्मीद कायम रहेगी और वे उम्मीद के बल पर विरोधी स्वर मुखर नहीं करेंगे। इस मामले में तगड़ी रणनीति चल रही है।



इधर, पता चला है कि नौवीं मंजिल पर दो मुख्य संसदीय सचिवों को कमरे दिए गए हैं। वे इससे खुश नहीं हैं। इनमें रामकिशन फौजी व प्रहलाद गिल्लाखेड़ा शामिल हैं। बताते हैं कि फौजी ने तो वीरवार को आठवीं मंजिल पर एक कमरे मंे पड़ाव डाल दिया लेकिन अभी उन्हें कमरा अलॉट नहीं किया गया है। वीरवार को मंत्रियों को निवास अलॉट करने की प्रक्रिया भी चली लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना देख यह प्रक्रिया रोक दी गई। विस्तार की चर्चा शनिवार की थी।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: