लिफ्ट रोकने पर भिड़े डॉक्टर व कर्मचारी
चंडीगढ़. जीएमसीएच, सेक्टर-32 में लिफ्ट रोकने को लेकर डॉक्टर और कर्मचारी भिड़ गए। कर्मचारियों का आरोप है कि डॉक्टरों ने उन्हें पीटा है। इसके विरोध में कर्मचारियों ने इमरजेंसी के दरवाजे और शीशे तोड़ दिए।
शाम सात बजे सफाई कर्मचारी सोनू ने सेकेंड फ्लोर पर डॉक्टर्स लिफ्ट को रोका। उस वक्त लिफ्ट में डॉ. जेएस चीमा अपने एक साथी डॉक्टर के साथ मौजूद थे। सोनू का कहना है कि लिफ्ट रोकने पर दोनों डॉक्टर इतने खफा हो गए कि दरवाजा खुलते ही दोनों ने उसे अंदर घसीटकर पीटना शुरू कर दिया।
इसके विरोध में अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इकट्ठा हो गए और अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इन लोगों ने डायरेक्टर प्रिंसिपल राजबहादुर से मांग की कि आरोपी डॉक्टरों को उनके सामने पेश किया जाए। इनको समझाने-बुझाने का काम देर तक चलता रहा। अस्पताल की इमरजेंसी में पुलिस भी बुला ली गई। दूसरी तरफ कर्मचारियों को शांत करने के लिए मीटिंग चलती रही। देर रात पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










