हजारों लीटर दूध व दूषित मिठाइयां नष्ट
टपूकड़ा. खाद्य विभाग के दल ने शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत गुरुवार को दूषित मिठाइयां तथा हजारों लीटर मिलावटी दूध नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान अनेक दुकानदार दुकान बंद कर भाग छूटे जबकि दूधियों ने दल के सदस्यों को देखते ही टंकी उलट दी। जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग का छह सदस्यीय दल गुरुवार को कस्बे में पहुंचा।
इस दल ने टपूकड़ा-तिजारा हाईवे पर शक्कावाली के पास स्थित डेयरी पर छापा मारा। दल को देखकर डेयरी पर मौजूद लोग करीब दो सौ लीटर दूधर खेतों में फैलाकर भाग गए। इसके बाद दल झिवाना रोड पर पहुंचा। यहां दल के सदस्यों को देखते ही दुकानदार दुकान छोड़कर भाग गए।
बाद में कई हलवाइयों की दुकानों से करीब सौ किलो बर्फी, बीस किलो गाजर का हलुवा, पचास किलो दूषित पैठे को मौके पर ही नष्ट किया गया। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही अन्य बाजारों के दुकानदार भी दुकानें बंद कर इधर-उधर हो गए। दल की कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। खाद्य विभाग के दल में स्वास्थ्य निरीक्षक हारुन खान, केशव गोयल, आसमदीन, विश्वबंधु गुप्ता आदि शामिल थे। इधर, किशनगढ़बास क्षेत्र के घासोली में भी करीब तीन हजार लीटर दूध नष्ट किया गया और तेल व दूध पाउडर के पाउच जब्त किए।










