डीटीसी बसों में भी चलेगा स्मार्ट कार्ड
नई दिल्ली. डीटीसी की बसों में भी अब मेट्रो की तरह स्मार्ट कार्ड चलेगा और टिकट कटाने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। 24 नवंबर से शुरू हो रही डीटीसी द्वारका सब सिटी रिंग सर्विस में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन के तहत स्मार्ट कार्ड योजना लागू होगी।
इस कार्ड के जरिए यात्री जैसे ही बस के दरवाजे पर कार्ड को स्वैप करेंगे तो दरवाजा खुल जाएगा और उतरते समय भी इसी तरह कार्ड को रीडर पर दिखाने पर दरवाजा खुलेगा। यह तरीका ठीक वैसा ही होगा, जैसे मेट्रो में टोकन या कार्ड के दिखाने पर फ्लैप खुलता है।
परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने बताया कि यदि स्मार्ट कार्ड रिंग सर्विस में सफल रहा तो आगे इसे पूरी दिल्ली में डीटीसी सेवा में लागू किया जाएगा और यदि यह बस सेवा में सफल रहा तो ट्रैफिक पुलिस के उस प्रस्ताव पर भी गौर किया जाएगा, जिसमें सुझाव दिया गया है कि मेट्रो व डीटीसी में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कॉमन स्मार्ट कार्ड बनाए जाए, जो मेट्रो के साथ डीटीसी में इस्तेमाल हो सकें।
ताकि यात्रियों को मेट्रो से बस या बस से मेट्रो बदलने पर भी टिकट कटाने का झंझट न रहे। हालांकि यह योजना बस में स्मार्ट कार्ड की व्यवहारिकता व सफलता पर निर्भर करेगी क्योंकि मेट्रो में निकासी व प्रवेश के कई दरवाजे होते हैं जबकि बस में प्रवेश व निकासी के लिए एक ही या एक-एक दरवाजा ही होता है, इसलिए कई व्यावहारिक परेशानियां आ सकती हैं।










